रुपहले पर्दे को अपने अभिनय की चमक से जगमग करने वाली श्रीदेवी बुधवार को अनंत की चांदनी में लीन हो गई। मुंबई के विले पार्ले शवदाह गृह में दक्षिण भारतीय रस्म से उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 
इसके लिए तमिलनाडु से पंडितों को बुलाया गया था। पति बोनी कपूर ने श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी दोनों बेटियां, बेटे अर्जुन कपूर, भाई अनिल व संजय कपूर, सोनम कपूर और करीबी परिजन साथ थे। अंतिम सफर से पहले श्रीदेवी को दुल्हन की तरह सजाया गया था। वह लाल रंग की कांजीवरम साड़ी में लिपटी थीं।
अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, कैटरीना कैफ, शेखर सुमन, विद्या बालन, सुनील शेट्टी, प्रसून जोशी, रणधीर कपूर, राजीव कपूर और रणबीर कपूर जैसे सितारों ने विले पार्ले शवदाह गृह जाकर श्रीदेवी को अंतिम विदाई दी।
इससे पहले, श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड की हस्तियों के अलावा उनके चाहने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिनेमा जगत की तमाम हस्तियों समेत हजारों लोगों ने सेलिब्रेशन क्लब में श्रीदेवी को श्रद्धांजलि दी।
यहां सुबह 9 बजे से श्रीदेवी का पार्थिव शरीर लोगों के दर्शन के लिए रखा गया था। श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए जुटे उनके फैंस की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 200 से अधिक पुलिस तैनात किए गए थे।
करीब 10 बजे के बाद सेलिब्रेशन क्लब आम जनता के लिए खोल दिया गया। बीते 24 फरवरी को दुबई में श्रीदेवी की दुर्घटनावश बाथटब में डूबने से मौत हो गई थी। करीब 72 घंटों के बाद उनका पार्थिव शरीर भारत लाया गया था। मंगलवार रात से ही हजारों प्रशंसक श्रीदेवी के घर के बाहर खड़े थे। तमिलनाडु और कर्नाटक से भी उनके प्रशंसक अंतिम दर्शन को मुंबई पहुंचे थे।संगीतकार बप्पी लहरी और सैफअली खान की बेटी सारा अली खान भी श्रीदेवी के दर्शन के लिए पहुंची। विद्या बालन अपने पति के साथ, शबाना आजमी और जावेद अख्तर, जॉन अब्राहम और नील नितिन मुकेश भी पहुंचे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal