हुस्न और अदा की मल्लिका श्रीदेवी का 54 साल की उम्र में बीती रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनका निधन सबके लिए बेहद दुखद और चौंकाने वाला है। श्रीदेवी ने 54 साल की उम्र में भी खुद को जिस तरह मेंटेन किया हुआ था वो वाकई किसी भी न्यूकमर के लिए स्टाइल स्टेटमेंट बन सकता है।
श्रीदेवी अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई हुई थीं। उनके साथ उनके पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर भी मौजूद थी। कहा जा रहा है कि उनकी बड़ी बेटी अपनी पहली फिल्म धड़क की शूटिंग को लेकर मुंबई में ही रूक गई थी।
खूबसूरती उम्र की गुलाम नहीं होती। श्रीदेवी के स्टाइलिश मेकओवर को देखकर तो ऐसा ही कहा जा सकता हैं। उम्र की 54वी दहलीज पर पहुंचकर भी श्रीदेवी बॉलीवुड की उन खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती थीं, जिनकी तरह कोई भी महिला दिखना चाहेगी।
फैशन डिजाइनर वेंडल रॉड्रिक्स श्रीदेवी को बेहद ग्लैमरस मानते थे। इतना ही नहीं वो साड़ियों में उनके लुक को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। उनका कहना था कि ‘श्रीदेवी साड़ियों में सबसे ज्यादा ग्रेसफुल लगती हैं।
श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु में हुआ था। उन्होंने बतौर बाल कलाकर अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत महज चार साल की उम्र में एक तमिल फिल्म कंधन करुणई से कर दी थी।उन्होंने बाल कलाकार के रूप में तेलुगू और मलयालम फिल्मों में भी अभिनय किया था। उसके बाद उन्होंने भारत की पहली महिला सुपरस्टार का सफर भी तय किया। श्रीदेवी ने साल 1979 में बतौर मुख्य कलाकार फ़िल्म ‘सोलहवां साल’ से अपने हिंदी फ़िल्म करियर की शुरुआत की
श्रीदेवी ने फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर से शादी की थी। श्रीदेवी और बोनी कपूर की दो बेटियां हैं। जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर। श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर पूरा बॉलीवुड सदमे में है।
श्रीदेवी ने भारतीय सिनेमा को हिम्मतवाला, तोहफ़ा, मिस्टर इंडिया, नगीना जैसी कई सुपरहिट फ़िल्में दीं। जिसके बाद उन्हें लेडी अमिताभ बच्चन भी कहा जाने लगा था।
आखिरी बार श्रीदेवी को शादी की इन तस्वीरों में देखा गया था। अपनी इन तस्वीरों को खुद श्री देवी ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया हुआ था। उनकी इन शानदार तस्वीरों को देखकर कोई भी यकीन नहीं कर पा रहा कि रूप की रानी श्रीदेवी अब हमारे बीच नहीं रहीं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal