विज्ञापन कंपनी में काम करने के बाद अभिनेता कुणाल ठाकुर ने शाहिद कपूर अभिनीत फिल्म कबीर सिंह से अभिनय में कदम रखा। उसके बाद उन्होंने फिल्म एनिमल के साथ सारे जहां से अच्छा : द साइलेंट गार्जियन्स और द ट्रायल वेब सीरीज में भी काम किया।
नेटफ्लिक्स पर हालिया प्रदर्शित वेब सीरीज ग्लोरी में वह राका सिंह बेनीवाल की भूमिका में मुक्केबाज के तौर पर नजर आए, जिसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की।
संघर्ष पर बोले कुणाल
कुणाल के अनुसार, उनके संघर्ष अभी भी चल रहे हैं। अपने अभिनय सफर को लेकर वह बताते हैं, ‘जब मुझे फिल्म कबीर सिंह मिली तो मुझे लगा कि यह मुंबई शहर मुझे काम देना चाहता है। उससे पहले मेरे मन में आशंका थी कि यह शहर मुझे सच में काम देना चाहता है या नहीं, मुझे यहां रुकना चाहिए या नहीं, या फिर नौकरी करने वापस चले जाना चाहिए।
कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा ने मुझ पर पहली बार विश्वास दिखाया था। वो आजतक मुझ पर विश्वास करते हैं। मैं उनकी एक और फिल्म पर काम कर रहा हूं।’
फिल्म कबीर सिंह मिलने से पहले के अपने संघर्षों के बारे में कुणाल बताते हैं, ‘संघर्ष तो मेरा आज भी है। आज भी सैकड़ों ऑडिशन करता हूं, उनमें से किस्मत कभी खुलती है और बहुत सारी चीजें एक साथ आती हैं, तब जाकर बतौर कलाकार काम मिलता है।
मैंने लंदन से मार्केटिंग में मास्टर्स किया है। अभिनय में आने से पहले मैंने साढ़े आठ साल तक एक विज्ञापन कंपनी में मीडिया बाइंग एंड प्लानिंग का काम किया। बचपन से फिल्में देखता आया हूं, कभी-कभी तो देखते हुए काफी भावुक भी हो जाता था, सीन देखकर रोने या चिल्लाने लगता था। तब मन में सवाल आता कि मैं इतना भावुक क्यों हूं?
यशराज फिल्म्स से आया फोन
कुणाल आगे बताते हैं- नौकरी कर ही रहा था कि मुझे यशराज फिल्म्स की एक कास्टिंग डायरेक्टर का मैसेज आया। उन्होंने मुझसे अपना इंट्रोडक्शन वीडियो साझा करने के लिए कहा। मैंने यह बात मम्मी को बताई, तो मम्मी कहने लगी तो मुझे तो पहले से ही पता था कि तुम्हारे अंदर कुछ खास है।
तुम्हें एफटीआईआई (फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट आफ इंडिया) में एडमिशन ले लेना चाहिए था। फिर मैंने सोचा कि मैं अपने आप को एक साल का मौका देता हूं। अब तो इस सिनेमा इंडस्ट्री में साढ़े आठ साल हो गए। अब मुझे पता चल चुका है कि मैं इसके लिए ही बना था।’ आगे कुणाल ने बताया कि उनकी फिल्म लगा जा गले में की शूटिंग अभी चल रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal