महाराष्ट्र की एक प्रवासी मजदूर महिला ने हाल ही में पड़ोसी राज्य कर्नाटक में अपने 17वें बच्चे को जन्म दिया। हालांकि तुरंत ही उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महिला का नाम लंकाबाई है और वह बीड जिले की मझलगांव तहसील की रहने वाली है। उसने एक गन्ने के खेत में एक बच्ची को जन्म दिया था।

दरअसल, सूखाग्रस्त बीड क्षेत्र के हजारों पुरुष और महिलाएं महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में और कर्नाटक में भी फसल के मौसम में गन्ने के खेतों में काम करने के लिए पलायन करते हैं। यह महिला भी गन्ने के खेतों में काम करती है और महाराष्ट्र से कर्नाटक गई हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीड के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. बी. पवार ने कहा, ‘हमें पता चला है कि लंकाबाई ने अपने 17वें बच्चे को जन्म दिया, जिसकी जल्द ही मृत्यु हो गई। हम अधिक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं’।
घुमंतू गोपाल समुदाय से ताल्लुक रखने वाली महिला ने सितंबर में पहली बार स्वास्थ्य अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था, जब वह 20वीं बार गर्भवती हुई थी। फिलहाल महिला के 11 बच्चे हैं, जिसमें नौ लड़कियां हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि महिला का तीन बार गर्भपात हो चुका है, जबकि उसके पांच बच्चों की मौत भी हो चुकी है। डॉ. पवार ने कहा कि उसने आठ सितंबर को पहली बार प्राथमिक जांच कराई थी और अधिकारियों ने उसकी स्थिति पर नजर रखी थी। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को हमारी टीम महिला के घर पर गई थी, लेकिन वह कर्नाटक चली गई थी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal