30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से चली पछुआ ठंडी हवा ने बढ़ा दी गलन….

 सर्द हवाओं से जिंदगी ठिठुर रही है। 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से चली पछुआ हवाओं से लोग कांप उठे। गुरुवार को भी सुबह से आसमान में बादलों का साम्राज्य है। लोग शीतलहर से परेशान रहे। बर्फीली हवाओं से शरीर को बचाने के लिए राहगीर अलाव तलाशते नजर आए। तीन दिन पहले हिमालय से आईं पछुआ हवाओं ने शहर में डेरा जमा लिया है।

बर्फीली हवाओं ने पारे के स्तर को किया कम

बुधवार को हवाओं की रफ्तार कुछ ज्यादा ही तेज थी। धूप में भी कंपकंपी छूट रही थी। मौसम के इस तेवर से दिन के साथ रात के पारे में भी तेजी से गिरावट दर्ज की गई। दिन का पारा लुढ़क कर 15.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो एक दिन पहले यानी मंगलवार को 17.7 डिग्री था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था जो बुधवार को 4.2 डिग्री लुढ़ककर 8.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उधर, कोहरा भी धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। शहर में तो कम लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आधी रात के बाद कोहरा घना हो जाता है।

तापमान     अधिकतम     न्यूनतम

18 दिसंबर – 15.1          8.8

17 दिसंबर – 17.7          13

ठंड से खुद को ऐसे बचाएं

– सांस के मरीज हमेशा अपने साथ इनहेलर रखें और ठंड के मौसम में बाहर जाने से पहले दो से तीन बार इसका इस्तेमाल करें।

– ठंड के दौरान घर के अंदर रखी हुई चीजों पर जमी धूल-मिट्टी को साफ कर दें। सजावट के सामानों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

-नाक से सांस लेने पर हवा फेफड़ों तक पहुंचने से पहले गर्म हो जाती है जबकि मुंह से सांस लेने पर ठंडी रहती है। ऐसे में गर्म के बजाय ठंडी हवा से अस्थमा का दौरा पडऩे का खतरा बढ़ सकता है।

नंबर गेम

2.6 डिग्री लुढ़का अधिकतम तापमान

4.2 डिग्री लुढ़का न्यूनतम तापमान

गरम कपड़ों के बाजारों में उमड़ी भीड़

मौसम की करवट का असर बुधवार को गरम कपड़ों के बाजार पर भी नजर आया। तिब्बती मार्केट में ऊनी कपड़ों की खरीदारी को भारी भीड़ उमड़ी। बिजली घर के समीप सड़क पर लगे कपड़ों की दुकानों पर उमड़ी भीड़ ठंडक का अहसास कराते नजर आई। शहर के बड़े बाजारों में भी गरम कपड़ों की बिक्री चरम पर दिखी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com