उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्यों के चुनाव में मतगणना 24 मार्च से शुरू होगी। मतगणना, प्रयागराज में प्रतिदिन सवेरे 10 बजे से शाम 4.00 बजे तक होगी। यूपी बार काउंसिल के सचिव/चुनाव अधिकारी रामकिशोर शुक्ल ने यह सूचना जारी की है।
हाल ही में हुए चुनाव में प्रदेश के करीब दो लाख 51 हजार अधिवक्ता मतदाताओं में से करीब पौने दो लाख ने मतदान किया। प्रदेश के 75 जिलों में 82 स्थलों पर अलग-अलग चरणों में मतदान हुआ। सबसे अंत में लखनऊ में इसी 15 मार्च को मतदान पूरा हुआ था। चुनाव में 332 अधिवक्ता प्रत्याशी मैदान में थे।
17 अप्रैल को होगा कृषि क्षेत्रीय सम्मेलन
वहीं, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा लखनऊ में कृषि पर क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन 17 अप्रैल को होगा।
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख राज्यों के कृषि मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि यह सम्मेलन कृषि और संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने, महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करने और राज्यों के बीच सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने के लिए एक प्रभावशाली मंच बनेगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal