भारतीय हॉकी टीम ने 2014 में दक्षिण कोरिया के इंचियोन में हुए एशियन गेम्स में यादगार प्रदर्शन दोहराते हुए 16 वर्ष बाद स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के अलावा भारत ने यहां पर 11 स्वर्ण पदक समेत कुल 57 पदक नाम किए थे।
हॉकी में पाक को दी पटखनी : भारतीय हॉकी टीम ने इस एशियन गेम्स के फाइनल में पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी थी। फाइनल मुकाबले में फुल टाइम तक दोनों ही टीम 1-1 की बराबरी पर रही थीं। इसके बाद पेनल्टी शूट आउट से मैच का नतीजा निकाला। इसमें भारत ने 4-2 से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऐसे में 1998 में धनराज पिल्लै की कप्तानी के बाद भारत ने यहां पर हॉकी में स्वर्ण पदक जीता।
सरदार थे ध्वज वाहक : भारतीय दल की ओर से हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह यहां ध्वज वाहक थे। दिलचस्प बात यह है कि जब 1998 में भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था, तब हॉकी टीम के कप्तान धनराज पिल्लै भारतीय दल के ध्वज वाहक रहे थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal