दीपिका पादुकोण आज बॉलीवुड की बड़ी अदाकारा में से एक हैं। 5 जनवरी 1986 को जन्मीं दीपिका सबसे ज्यादा कमाई वाली अभिनेत्री तो हैं ही साथ ही फोर्ब्स की लिस्ट में उन्हें सबसे शक्तिशाली महिला का खिताब दिया गया। दीपिका के जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।

दीपिका का जन्म डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन में हुआ। उनके पिता प्रकाश पादुकोण मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रहे हैं जबकि उनकी मां उज्जला पादुकोण एक ट्रैवल एजेंट थीं। दीपिका की एक छोटी बहन अनिषा हैं। अनिषा पेशे से एक गोल्फर हैं। जब दीपिका एक साल की थीं तो उनका परिवार बेंगलुरु आ गया। उनकी पढ़ाई-लिखाई यहीं हुई।
दीपिका के पिता एक बैडमिंटन खिलाड़ी थे ऐसे में उनका झुकाव भी इस खेल की ओर था। दीपिका नेशनल लेवल की बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं। आठ साल की उम्र में दीपिका ने पहली बार एक एड फिल्म में काम किया। शायद यही वो पड़ाव था जब तय हो गया कि दीपिका ग्लैमर की दुनिया में अपना करियर बनाएंगी।
एक इंटरव्यू में दीपिका ने बताया था कि ‘जब मैं खेलती थी तो ऐसा लगता था कि ये केवल इसलिए है क्योंकि मेरे परिवार में इसे खेला जाता है। तब मैंने अपने पिता से पूछा कि अगर मैं खेलना छोड़ दूं तो? ये बात सुनकर उन्हें दुख पहुंचा लेकिन बाद में वो मान गए।’ साल 2004 में दीपिका ने फुल टाइम मॉडलिंग करनी शुरू की। 16 साल पहले दीपिका कुछ यूं दिखती थीं।
करियर के शुरुआती दिनों में दीपिका ने लिरिल साबुन के लिए एक एड फिल्म किया। इस एड से उन्हें काफी पहचान मिली। साल 2005 में दीपिका ने लक्मे फैशन वीक में डिजाइनर सुमित वर्मा के लिए रैम्प वॉक किया। अगले ही साल 2006 में उन्होंने किंगफिशर कैलेंडर के लिए फोटोशूट किया। इससे उनकी पॉपुलरिटी में और इजाफा हुआ।
मॉडलिंग में सफलता के बाद दीपिका ने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। साल 2006 में उन्हें सबसे पहले हिमेश रेशमिया के एल्बम ‘आप का सुरूर’ में ‘नाम है तेरा’ गाने में मौका मिला। बॉलीवुड में दीपिका ने फराह खान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ओम शांति ओम’ (2007) से डेब्यू किया। पहली ही फिल्म में दीपिका को शाहरुख खान के अपोजिट काम करने का मौका मिला। इस फिल्म ने दीपिका को रातों रात शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
दीपिका की मुख्य फिल्मों में ‘बचना ऐ हसीनो’ (2008), ‘चांदनी चौक टू चाइना’ (2009), ‘लव आज कल’ (2009), ‘हाउसफुल’ (2010), ‘कॉकटेल’ (2012), ‘रेस 2’ (2013), ‘ये जवानी है दीवानी’ (2013), ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ (2013), ‘गोलियों की रासलीला’ (2013), ‘हैप्पी न्यू ईयर’ (2014), ‘बाजीराव मस्तानी’ (2015), ‘पीकू’ (2015) और ‘पद्मावत’ (2018) है।
दीपिका और रणवीर ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2018 में शादी कर ली थी। ये शादी इटली के लेक कोमो में हुई थी। दीपिका इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘छपाक’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके को-स्टार विक्रांत मेसी होंगे। फिल्म को मेघना गुलजार ने निर्देशित किया है। ये फिल्म एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल पर बनी है।