आज यानि बुधवार को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। यह देश के साथ – साथ विदेशों में भी मनाई जा रही है। इस मोके पर देश से बाहर 35 शहरों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं का अनावरण होगा। इन्हें बनाने का ऑर्डर नोएडा में रहने वाले पद्मभूषण से अलंकृत प्रसिद्ध मूर्तिकार राम वी सुतार को मिला था।

सुतार ने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के माध्यम से प्रतिमाओं की डिलीवरी करा दी है। इससे पहले भी उनकी बनाई गांधी जी की प्रतिमाएं अफ्रीका और अलग – अलग देश, अमेरिका, जापान, कनाडा, मंगोलिया आदि में स्थापित हैं।
इन प्रतिमाओं के मॉडल अब भी उनके सेक्टर-63 स्थित स्टूडियो में मौजूद हैं। पूरे विश्व में महात्मा गांधी की हजारों प्रतिमाएं लगी हुई हैं। भारत छोड़ो आंदोलन (1942), नमक सत्याग्रह (1930), असहयोग आंदोलन, अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों को लेकर तत्कालीन राजनेताओं से बातचीत, चिंतन मुद्रा या फिर दक्षिण अफ्रीका में चलाए गए आंदोलन आदि से संबंधित प्रतिमाएं यहां मौजूद हैं।
मूर्तिकार राम वी सुतार ने वर्ष 1948 में हंसते हुए महात्मा गांधी की पहली चार फीट की प्रतिमा बनाई थी। अब यह प्रतिमा दिल्ली की शोभा बढ़ा रही है। दुनिया की सबसे ऊंची महात्मा गांधी की प्रतिमा भी नोएडा के राम वनजी सुतार ने ही बनाई है। 30 फुट आधार और 40 फुट ऊंची यह प्रतिमा पटना में लगी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal