15 दिन में दूसरी बार ट्रंप के खिलाफ पूरे अमेरिका में प्रदर्शन

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। राष्ट्रव्यापी आंदोलन के दो हफ्ते बाद पूरे अमेरिका में दोबारा लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ट्रंप की नीतियों का विरोध करने में जुटे हैं। सड़क पर उतरे लोगों ने ट्रंप को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। डेनवर में सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी कोलोराडो राज्य कैपिटल में जुटे।

उन्होंने आप्रवासियों के साथ एकजुटता व्यक्त की। लोगों ने बैनरों पर लिख रखा था कि ‘हाथ मत लगाओ।’ कुछ लोगों ने अमेरिका का झंडा फहराया तो कुछ ने उसे उल्टा कर दिया, ताकि यह बताया जा सके कि देश में संकट का समय चल रहा है।

ओरेगन में लोगों का मार्च

हजारों की संख्या में लोगों ने पोर्टलैंड के ओरेगन में डाउनटाइउन तक मार्च किया। उधर, सैन फ्रांसिस्को में सैकड़ों लोगों ने प्रशांत महासागर के किनारे विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। यहां लोगों ने ट्रंप के खिलाफ ‘महाभियोग लगाओ और हटाओ’ के बैनर लेकर पहुंचे। अलास्का के डाउनटाउन में भी ऐसा ही प्रदर्शन देखने को मिला।

एलन मस्क भी निशाने पर

कुछ स्थानों पर टेस्ला कार डीलरशिप के सामने भी लोगों ने अपने गुस्से का इजहार किया। टेस्ला के मालिक एलन मस्क डोनाल्ड ट्रंप के करीबी हैं। ट्रंप ने उन्हें सरकारी दक्षता विभाग की जिम्मेदारी दे रखी है। मस्क के आदेश पर ही कई विभागों में छंटनी की गई। इसी वजह से अमेरिका की जनता मस्क से भी खफा है।

‘कोई राजा नहीं… अत्याचार का विरोध करें’

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे ट्रंप के नागरिक अधिकारों और संवैधानिक उल्लंघनों के खिलाफ हैं। न्यूयॉर्क में हाथों में तख्तियां लेकर लोगों की भीड़ मुख्य पुस्तकालय के बाहर जुटी। इन तख्तियों में अमेरिका में ‘कोई राजा नहीं’ और ‘अत्याचार का विरोध करें’ जैसे नारे लिखे थे। एक व्यक्ति के कार्डबोर्ड पर लिखा था कि ‘सामंती युग समाप्त हो गया है।’

पुलिस राज्य बनाने में जुटे ट्रंप

कॉनकॉर्ड में विरोध प्रदर्शन में शामिल बोस्टन के रहने वाले जॉर्ज ब्रायंट का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका को एक पुलिस राज्य बना रहे हैं। उनके हाथ में एक तख्ती थी। इस पर लिखा था कि ट्रंप के फासीवादी शासन को अब जाना चाहिए!

मैनहट्टन में भी निकाली रैली

साउथ कैरोलिना की राजधानी कोलंबिया में सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उनके हाथों में ‘जमकर लड़ो, हार्वर्ड, लड़ो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर थे। मैनहट्टन में भी लोगों ने रैली निकाली। ढोल की थाप पर लोगों ने नारा लगाया कि ‘हमारे देश में कोई डर नहीं, कोई नफरत नहीं, कोई आईसीई नहीं।’ट्रंप प्रशासन ने सत्ता संभालने के बाद सामाजिक सुरक्षा प्रशासन के क्षेत्रीय कार्यालयों पर ताला लगा दिया। सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के धन में भारी कटौती की। ट्रांसजेंडर की सुरक्षा कम की। कई विभागों में बड़े पैमाने पर छंटनी को अंजाम दिया। ट्रंप के इन्हीं फैसलों से लोगों के मन में गुस्सा पनपा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com