हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सात साल बाद भारी बर्फबारी हुई है। जनवरी में अभी तक 87 सेंटीमीटर हिमपात होने से साल 2017 का रिकॉर्ड भी टूट गया है। जनवरी 2017 में 82 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। उधर, 2012 में 95 सेंटीमीटर बर्फ गिरी थी। पहाड़ों की रानी शिमला में बीते 29 दिनों के भीतर आठ बार बर्फबारी हो गई है।

बर्फबारी के बाद शीतलहर ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। शिमला में इस बार 18 साल में सातवीं बार जनवरी में अच्छी बर्फबारी हुई है। शिमला में जनवरी में बुधवार सुबह आठवीं बार हिमपात हुआ। जनवरी में शिमला शहर में अभी तक कुल 87.7 सेंटीमीटर बर्फ गिर चुकी है।
21 जनवरी तक शहर में 69.7 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज हुई थी। इसके बाद 28 जनवरी मॉलरोड और जाखू में 6 से 8 सेंटीमीटर और बुधवार सुबह 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई। हिल्स क्वीन में जनवरी में कम बर्फबारी होने के ट्रेंड पर ब्रेक लग गई है। बीते 18 सालों में से सिर्फ सात साल ही जनवरी में अच्छी बर्फबारी हुई है।
11 सालों के दौरान दस सेंटीमीटर से ज्यादा शिमला में जनवरी के दौरान बर्फ नहीं गिरी। शिमला में साल 2005 के नवंबर, दिसंबर और साल 2006 के जनवरी, फरवरी और मार्च महीने में बिल्कुल भी बर्फबारी नहीं हुई।
साल 2009-10 में सिर्फ नाममात्र 1.8 सेंटीमीटर पूरे सीजन में दर्ज की गई। साल 1995 में नवंबर महीने के दौरान शिमला में बर्फ गिरी थी। उस समय 7.8 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
इसके बाद से अभी तक नवंबर में बर्फबारी नहीं हुई है। साल 1992 में भी नवंबर में 4 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। बीते साल जनवरी महीने में 7.3 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई थी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal