एक साथ कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हॉलीवुड प्रोड्यूसर हार्वे वीनस्टीन ने अपने खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को बर्खास्त करने की मांग की है। अदालत में दायर दस्तावेजों के मुताबिक, वीनस्टीन के वकीलों ने शुक्रवार को संघीय अदालत में बर्खास्तगी के लिए प्रस्ताव दायर किया है।
वीनस्टीन के वकीलों ने दावा किया है कि अभियोजन पक्ष ग्रैंड ज्यूरी को सबूत दिखाने में नाकामयाब रहे हैं। बता दें एक महीने पहले ही ग्रैंड ज्यूरी ने वीनस्टीन पर दुष्कर्म और आपराधिक यौन उत्पीडऩ अधिनियम के तहत आरोप तय किए हैं।
इन आरोपों में दोषी पाए जाने पर वीनस्टीन को 25 साल तक की जेल हो सकती है। वीनस्टीन ने दुष्कर्म मामले में फंसे और खुद ही 25 मई को पुलिस के समक्ष जा कर उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि इन सब के बाद उन्हें कोर्ट से 10 लाख डॉलर की जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
बता दें हॉलीवुड में एंजेलिना जोली से लेकर कई जानी-मानी महिलाओं ने वीनस्टीन पर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद #me too कैंपेन के जरिए कई दूसरी महिलाओं ने अपनी बात सोशल मीडिया पर रखी थी। इस कैंपेन ने दुनिया भर में तहलका मचा दिया था।