हरियाणा और राजस्थान की सीमा पर स्थित गांव खेड़ी में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में बनी ढाणी के अंदर पाकिस्तान के निशान वाला एक संदिग्ध गुब्बारा आकर गिरा। गुब्बारा मिलने की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
विमान के आकार का है गुब्बारा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह गुब्बारा एक हवाई जहाज (प्लेन) के आकार में बना हुआ है। सफेद और हरे रंग के इस गुब्बारे पर ‘PIA’ के साथ-साथ पाकिस्तान का नाम और चांद-सितारे का चिह्न बना हुआ है।
गांव खेड़ी निवासी जयवीर सिंह शर्मा ने बुधवार सुबह अपनी ढाणी में इस संदिग्ध गुब्बारे को देखा। अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े प्रतीकों को देखकर उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कागदाना चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और कागदाना चौकी प्रभारी दीपक शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने गुब्बारे को अपने कब्जे में लेकर आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। चौकी इंचार्ज दीपक शर्मा ने बताया कि गांव खेड़ी की एक ढाणी में गुब्बारा गिरने की सूचना मिली थी। जांच में पाया गया कि इस पर PIA लिखा हुआ है। यह काफी हल्का गुब्बारा है और प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि हवा के रुख के कारण यह उड़कर सीमा पार से या किसी अन्य दिशा से यहां तक पहुंच गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal