हरियाणा:  दस साल से चल रही रंजिश में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, दो सगे भाइयों पर आरोप

अनिल उर्फ बिल्लू का गांव के ही राजकुमार व विनोद से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते झगड़े में बदल गया, जिसके दौरान दोनों आरोपियों ने अनिल उर्फ बिल्लू के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

उपमंडल कनीना के गांव झाड़ली में आपसी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बीती रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान करीब 55 वर्षीय अनिल उर्फ बिल्लू निवासी गांव झाड़ली के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अनिल उर्फ बिल्लू का गांव के ही राजकुमार व विनोद से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते झगड़े में बदल गया, जिसके दौरान दोनों आरोपियों ने अनिल उर्फ बिल्लू के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में परिजन उसे उप नागरिक अस्पताल कनीना लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रोहतक स्थित पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई रोहतक पहुंचने पर चिकित्सकों ने अनिल उर्फ बिल्लू को मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच पिछले करीब दस वर्षों से आपसी रंजिश चली आ रही थी। जानकारी के अनुसार करीब पांच माह पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते बीती रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर कनीना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भिजवा दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com