हरियाणा को इसी महीने 431 डॉक्टर मिल जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने लंबे इंतजार के बाद भर्ती परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 431 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। अब चयनित अभ्यर्थियों के लिए सबसे अहम प्रक्रिया पोस्टिंग की पसंद भरना है। इसके लिए सफल अभ्यर्थियों को चार दिन का वक्त दिया गया है।
अंतिम तारीख 8 जुलाई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पसंदीदा पोस्टिंग का विकल्प स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट पर लॉगिन करके भरना होगा। अंतिम नियुक्ति का अधिकार विभाग के पास ही रहेगा और जरूरत पड़ने पर राज्य में कहीं भी तैनाती दी जा सकती है।
प्रदेश में बीते साल पांच दिसंबर को स्वास्थ्य विभाग ने 450 डॉक्टरों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए पीजीआई रोहतक की ओर से परीक्षा ली गई और सफल अभ्यार्थियों में से जिनका दस्तावेज सत्यापन और बायोमीट्रिक सत्यापन 3 जून, 4 जून और 15 जून को किया गया था, उन सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
इस भर्ती प्रक्रिया में सामान्य वर्ग के लिए कट ऑफ 76 अंक रही, जबकि पूर्व सैनिक आश्रित श्रेणी की कटऑफ 66 अंक निर्धारित की गई। विभाग ने यह भी बताया कि चयन दस्तावेज सत्यापन और बायोमीट्रिक जांच के बाद पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया गया है। विभाग ने चयन सूची पर आपत्तियां भी आमंत्रित की हैं और कहा है कि यदि कोई त्रुटि सामने आती है तो उसे बाद में ठीक किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने दिव्यांग वर्ग का परिणाम फिलहाल रोक दिया है। इसका कारण पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित याचिकाएं हैं। निर्णय के बाद ही इस श्रेणी का परिणाम जारी किया जाएगा।
मेडिकल ऑफिसरों के 500 पद खाली
हरियाणा के सरकारी स्वास्थ्य ढांचे में फिलहाल करीब 500 मेडिकल ऑफिसरों के पद खाली हैं जिससे कई अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। 431 मेडिकल ऑफिसरों के चयन से इस कमी को काफी हद तक दूर करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग इन डॉक्टरों की नियुक्ति राज्य के विभिन्न सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में करेगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal