अगर किसी भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी को अवकाश पर जाना है तो स्वास्थ्य महानिदेशक से अनुमति लेनी होगी।
सरहद पर तनाव के चलते हरियाणा भी अलर्ट मोड पर आ गया है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। भारत और पाकिस्तान में टेंशन के बीच हरियाणा स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से चिट्ठी जारी कर कहा गया है कि कोई भी कर्मचारी-अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा न ही अवकाश पर प्रस्थान करेगा।
किसी भी प्रकार का अवकाश आगामी आदेशों तक स्वीकृत ना किया जाए। अगर किसी भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी को अवकाश पर जाना है तो स्वास्थ्य महानिदेशक से अनुमति लेनी होगी। इस संबंध में राज्य के सभी सिविल सर्जनों, राज्य के सभी प्रधान चिकित्सा अधिकारियों को चिट्ठी भेजी गई है।
इसके अलावा हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पुलिस विभाग की तरफ से अधिकारियों कर्मचारियों की छुट्टी को लेकर निर्देश जारी किए गए है। वहीं दमकल विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द की गई है।