राजधानी देहरादून में शनिवार की रात सबसे सर्द रात साबित हुई। रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो कि इस सीजन में पहली बार हुआ। वहीं रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा। चटख धूप निकली, लेकिन देर रात राजधानी कोहरे के आगोश में आ गई। यहां सोमवार को सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। कोहरा सुबह आठ बजे बाद छटा और फिर धूप निकल आई।

मौसम विभाग ने आने वाले समय में और सर्द रातें रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने आज हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य मैदानी इलाकों में भी हल्का कोहरा आ सकता है।
वहीं प्रदेशभर में आज से शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सोमवार, मंगलवार को भारी कोहरा आ सकता है। राजधानी में भी आज सुबह कोहरा छाने का अनुमान था जो कि एकदम सही साबित हुआ। पहाड़ों में पाला पड़ने से मुसीबतें बरकरार रहेंगी। हालांकि कहीं भी फिलहाल बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
बर्फबारी के बाद से लगातार देहरादून में रात का तापमान सात से दस डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। शनिवार की देर रात से रविवार की सुबह तक तापमान में पहली बार बड़ी गिरावट आई। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, आने वाले दिनों में यह गिरावट और बढ़ सकती है। मुक्तेश्वर में रविवार को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal