सोलर प्लांट की मीटर रीडिंग और गलत बिल पर अनिल विज का बड़ा एक्शन

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सिरसा स्थित स्वयंसेवी संस्था दिशा के सचिव सुरेंद्र भाटिया द्वारा की गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के विजिलेंस अधिकारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। शिकायत में दिशा संस्था के 10 किलोवाट सोलर प्लांट की मीटर रीडिंग में कथित अनियमितताओं, गलत बिजली बिल जारी किए जाने तथा विभागीय लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। 

दिशा संस्था की ओर से ऊर्जा मंत्री अनिल विज  को दी शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2018 में स्थापित सोलर प्लांट की रीडिंग लंबे समय तक नियमानुसार नहीं ली गई। कई बार वास्तविक रीडिंग लेने के बजाय कार्यालय में बैठकर काल्पनिक रीडिंग दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे संस्था को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और गलत बिजली बिल जारी किए गए। 

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संस्था पहले ही लगभग 3 लाख रुपये जमा करा चुकी है, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। शिकायत पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच के आधार पर यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दिशा संस्था के सचिव सुरेंद्र भाटिया ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से विशेष बच्चों की सेवा में कार्यरत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आएगी, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी तथा संस्था को न्याय मिलेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com