सिनेमा जगत से इस वक्त एक बेहद बुरी खबर सामने आ रही है। मशहूर निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया है। सेंसर बोर्ड में अपने सख्त रवैये के लिए पहलाज को जाना जाता था। 76 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है, जिसकी वजह से सिनेमाई गलियारे में शोक की लहर छा गई है।
ऐसे में आइए जानते हैं कि पहलाज निहलानी का देहांत किस वजह से हुआ है और वह कौन सी कल्ट मूवी थी, जिसके 89 सीन्स काटने की वजह से वह चर्चा में आए थे।
नहीं रहे पहलाज निहलानी
अपने बेबाक अंदाज के लिए पहलाज निहलानी काफी जाने जाते थे। उन्होंने सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कई ऐसे फैसले लिए जिनकी चर्चा आज भी की जाती है। बात की जाए उनके निधन की वजह के बारे में तो इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार लंबे समय से पहलाज लिवर सिरोसिस की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। ऐसे में इस समस्या के कारण वह जिंदगी की जंग हार गए हैं और इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
गौर किया जाए बतौर प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी के करियर की तरफ तो उन्होंने 1980 में आई फिल्म हथकड़ी से उन्होंने फिल्ममेकिंग के सफर का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने आंधी, तूफान, गोविंदा की आंखें, शोल और शबनम और अभिनेता अक्षय कुमार की अंदाज जैसी कई कल्ट मूवीज का निर्माण किया।
इसके अलावा सेंसर बोर्ड चीफ के तौर पर उन्होंने कई ऐसे फैसले लिए थे, जिनको लेकर काफी विवाद भी हुआ था। शाहिद कपूर और आलिया भट्ट की कल्ट फिल्म उड़ता पंजाब से उन्होंने 89 सीन्स काटने का आदेश दिया था। इसके अलावा उन्होंने लिपस्टिक अंडर माय बुर्खा पर बैन और फिल्मों में किसिंग सीन्स पर पाबंदी लगाने जैसे कई बड़े फैसले भी लिए थे।
दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार
खबर है कि गुरुवार दोपहर 3 बजे दिग्गज फिल्ममेकर पहलाज निहलानी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुंबई के सांताक्रूज शमशान घाट में संपन्न होगा। पहलाज के निधन से सिनेमा जगत में एक युग का अंत हो गया है। साथ ही पहलाज द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्मों को लेकर उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal