बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर राजगीर में विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2024 आज से शुरू हो गई है। इस चैंपियंस ट्रॉफी का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस आयोजन का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों और दर्शकों का अभिवादन किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन बिहार के खेल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के बाद आज का पहला मुकाबला भारत और मलेशिया के बीच होगा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों से दमखम भरी खेल का प्रदर्शन देखने की उम्मीद है। दर्शकों में इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में मौजूद हैं।
बता दें कि एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, चीन, जापान, कोरिया, थाईलैंड और मलेशिया की महिला हॉकी टीम भाग ले रही हैं।11 नवंबर से 20 नवंबर तक चलने वाले एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट का दुनिया के 168 देशों में सीधा प्रसारण किया जाएगा, जबकि 30 राष्ट्रीय स्तर के चैनल इसका कवरेज करेंगे। महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 हॉकी की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर होगी।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
