बिहार: नालंदा जिले के लिए रविवार का दिन एक ऐतिहासिक अवसर लेकर आया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और राजगीर में निर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का विधिवत उद्घाटन किया। यह स्टेडियम पर्यटन नगरी राजगीर के लिए खेल संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय खेल पर्यटन के नए युग की शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है।
हिलसा से शुरू हुआ व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दिन हिलसा से शुरू हुआ, जहां उन्होंने रामबाबू हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उनका काफिला एकंगरसराय की ओर बढ़ा, जहां भव्य रोड शो आयोजित किया गया। इस्लामपुर के पशु हाट मैदान में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। सिलाव प्रखंड के नीरपुर गांव में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और स्थानीय मुद्दों पर विचार साझा किए।
राजगीर में खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
दिन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम राजगीर खेल परिसर में हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। स्टेडियम के पवेलियन और क्रिकेट मैदान का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। इस स्टेडियम से न केवल बिहार में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि राजगीर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल पर्यटन के मानचित्र पर भी स्थापित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 87 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र सौंपे, जो युवाओं को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही राजगीर सर्किट में आयोजित लाभुक संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं पर चर्चा की।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
