श्रेयस अय्यर जब से भारत की टी20 टीम के कप्तान बने थे तब से उनसे काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, उनकी शुरुआत वैसी नहीं रही जिसकी उम्मीद थी। सात मैचों के बाद उनको पहली जीत मिली जो जिम्बाब्वे के खिलाफ आई और इसी टीम के खिलाफ अय्यर ने अपनी पहली सीरीज जीती। इस सीरीज जीत के बाद उन्होंने वीवीएस. लक्ष्मण की जमकर तारीफ कर डाली है।
जिम्बाब्वे दौरे पर लक्ष्मण टीम के कोच के तौर पर गए थे क्योंकि गौतम गंभीर को आराम दिया गया है। अय्यर को पहली जीत लक्ष्मण के कोच रहते ही मिली। गंभीर के रहते उन्हें आयरलैंड दौरे पर भी हार मिली थी और इंग्लैंड में भी बुरी फजीहत हुई थी।
हर बात थी शानदार
तीसरे और आखिरी टी20 मैच में जिम्बाब्वे को हराकर भारत ने 3-0 से सीरीज पर कब्जा जमाया। इस मैच के बाद अय्यर ने टीम के ड्रेसिंग रूम में लक्ष्मण की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ” कुछ कैचों को छोड़ दें तो हम पूरी सीरीज में अच्छा खेले। हर किसी ने शानदार प्रयास किया जिसमें सपोर्ट स्टाफ भी शामिल है। हमें प्रेरित करने और उत्साह बढ़ाने के लिए शुक्रिया वीवीएस सर। हर दिन जब भी हमने मैदान पर कदम रखा, उस समय आपने जो कहा वो एकदम सही था और हम उससे अपने आप को जोड़ सकते थे। इसलिए आपका शुक्रिया।”
लक्ष्मण बेंगलुरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मुखिया हैं और युवा खिलाड़ियों के साथ काम करते हैं। वह कई बार हेड कोच की गैरमौजूदगी में टीम लेकर जाते हैं। राहुल द्रविड़ के कोच रहते हुए भी वह कुछ दफा छोटे दौरों पर टीम के हेड कोच की भूमिका में गए थे।
लक्ष्मण ने भी की तारीफ
सिर्फ अय्यर ने ही लक्ष्मण की तरीफ नहीं की बल्कि कोच ने भी टी20 टीम के कप्तान को सराहा। उन्होंने कहा, “मैं अय्यर का खास तौर पर शुक्रिया अदा करना चाहूंगा क्योंकि उनके कप्तानी करियर की शुरुआत खराब रही थी, लेकिन जिस तरह से अय्यर ने वापसी की वो शानदार है। पहले दिन से वह काफी सकारात्मक थे।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal