श्रीलंका की नौसेना ने रविवार को उसके जलक्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, नौसेना ने मछुआरों के नाव भी जब्त कर लिए।
नौसेना ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मछुआरों को शनिवार को उत्तरी जाफना प्रायद्वीप में कराईनगर के तट पर गिरफ्तार कर लिया गया और उनके तीन नाव जब्त कर लिए गए।
मछुआरों को कांकेसंतुरई बंदरगाह ले जाया गया
इन मछुआरों पर आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें कांकेसंतुरई बंदरगाह ले जाया गया। बता दें कि मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में एक विवादास्पद मुद्दा है।
श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी की और श्रीलंकाई क्षेत्रीय जल में अवैध रूप से प्रवेश करने की कई कथित घटनाओं में उनकी नौकाओं को भी श्रीलंका की नौसेना जब्त कर चुकी है।
पाक जलडमरूमध्य, तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाली पानी की एक संकीर्ण पट्टी है। वहीं, यह छेत्र दोनों देशों के मछुआरों के लिए एक समृद्ध मछली पकड़ने का क्षेत्र है।
पिछले साल श्रीलंका ने 240 मछुआरों को गिरफ्तार किया था
अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा को कथित रूप से पार करने और श्रीलंकाई जल में मछली पकड़ने के आरोप में श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किए जाने की समय-समय पर घटनाएं सामने आती रहती है। पिछले साल श्रीलंका की नौसेना ने श्रीलंकाई जल में अवैध शिकार के लिए 35 नाव के साथ 240 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal