बिहार स्वर कोकिला शारदा सिन्हा का 72 साल की उम्र में मंगलवार रात दिल्ली AIIMS में निधन हो गया। उनके सेहत में सुधार के लिए पूरे देश में प्रार्थना की जा रही थी, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गईं। उन्होंने मंगलवार रात अंतिम सांस ली। दिल्ली AIIMS ने बताया कि सेप्टिसीमिया की वजह से शारदा सिन्हा को रिफ्रैक्टरी शॉक हुआ और जो उनकी मौत की वजह बना। सेप्टिसीमिया से मतलब यह है कि शरीर के खून में बैक्टीरिया असर करने लगता है, जिससे गंभीर संक्रमण होता है। सीधे शब्दों में कहें तो इस बीमारी में शरीर का खून दूषित हो जाता है।
पटना में कल होगा अंतिम संस्कार
मिली जानकारी के अनुसार लोक गायिका शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार कल पटना में होगा। वहीं एयर एंबुलेंस के जरिए, आज सुबह 11:00 के करीब उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से पटना लाया जाएगा जहां उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इस बीच जो भी उनके चाहने वाले लोग उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
कई दिनों से AIIMS में भर्ती थीं
शारदा सिन्हा को 3 नवंबर को ही प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किया गया था। उनका ऑक्सीजन लेवल लगातार कम हो रहा था, जिसके कारण उन्हें फिर से 4 नवंबर को ICU में शिफ्ट किया गया। पिछले 11 दिनों से वो दिल्ली AIIMS में भर्ती थीं। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें ऑन्कोलॉजी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उन्हें काफी समय से खाने-पीने में दिक्कत हो रही थी, जिसके लिए उनका इलाज भी चल रहा था। 26 अक्टूबर की सुबह उनकी तबीयत काफी ज्यादा खराब हो गई थी।
45 दिन पहले पति का हुआ था निधन
22 सितंबर को शारदा सिन्हा के पति ब्रजकिशोर सिन्हा का ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद शारदा सिन्हा को बीमारियों ने जकड़ लिया। शारदा सिन्हा कई सालों से मायोपिया यानी कैंसर से जूझ रहीं थीं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal