शनिवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू विन मिंत और उनकी पत्नी ने ताजमहल का दीदार किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद शनिवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू विन मिंत और उनकी पत्नी ने ताजमहल का दीदार किया। विन मिंत ताज की सुंदरता के कायल हो गए। उन्होंने ताजमहल को मोहब्बत की सबसे बड़ी मिसाल बताया।

म्यांमार के राष्ट्रपति यू विन मिंट तकरीबन 12 बजे आगरा पहुंचे। खेरिया हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने उनका स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति का काफिला होटल अमर विलास पहुंचा। इस दौरान खेरिया से ताजमहल के मार्ग पर यातायात रोक दिया गया।

होटल में लंच के बाद राष्ट्रपति यू विन मिंट पत्नी संग ताजमहल पहुंचे। रॉयल गेट से ताज की पहली झलक पाते ही वो मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने करीब 50 मिनट ताज में भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गाइड से ताजमहल के इतिहास और पच्चीकारी की जानकारी ली।

ताज दीदार के बाद म्यांमार के राष्ट्रपति करीब दो बजे खेरिया हवाई अड्डे से रवाना हो गए। उनके आगरा आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। उनकी फ्लीट के खेरिया से ताजमहल आने और जाने के दौरान रूट पर पुलिस फोर्स तैनात रही। फतेहाबाद मार्ग पर यातायात रोक दिया गया।

वीवीआईपी विजिट के कारण इस सप्ताह में दूसरी बार पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। 24 फरवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भ्रमण के कारण ताजमहल दोपहर 12 बजे ही आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com