शंघाई के एयरपोर्ट्स पर 1300 से ज्यादा उड़ानें रद, टाइफून डॉल्फिन के खौफ में चीन

ताइवान में भारी तबाही मचाने के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘डॉल्फिन’ चीन के पूर्वी तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। तूफान के खतरे को देखते हुए शंघाई के दोनों प्रमुख हवाई अड्डों ने रविवार को 1,300 से अधिक उड़ानें रद कर दी हैं।

दरअसल, तूफान डॉल्फिन ने शनिवार को राजधानी ताइपे समेत उत्तरी ताइवान को प्रभावित किया। इस तूफान ने उत्तरी ताइवान में भारी बारिश की और चीन के पूर्वी तट पर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा पैदा कर दिया है। तूफान के कारण कुछ ताइवानी एयरलाइंस ने रविवार को चीन जाने वाली उड़ानें भी रद कर दीं।

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह तक टाइफून डॉल्फिन की अधिकतम निरंतर हवा की गति लगभग 162 किमी प्रति घंटा थी। तूफान को रविवार शाम तक चीन के झेजियांग प्रांत और पड़ोसी फुजियान प्रांत के उत्तरी हिस्सों से टकराने की आशंका है।

चीनी मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कुछ क्षेत्रों में 200-400 मिमी बारिश हो सकती है, जिससे गंभीर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाएगा। इस तूफानी का सबसे अधिक असर झेजियांग और फुजियान प्रांत में देखने को मिलेगा। खतरे को देखते हुए इन दोनों राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

1300 उड़ानें रद

शंघाई के सरकारी मीडिया आउटलेट ‘द पेपर’ के अनुसार, शंघाई के होंगकियाओ और पुडोंग हवाई अड्डों ने रविवार के लिए अपनी लगभग 60% निर्धारित उड़ानें रद कर दीं। दोनों हवाई अड्डों ने मिलकर 1,300 से अधिक उड़ानें रद की है।

नौका और क्रूज सेवाओं पर रोक

तूफान के आगमन से पहले, झेजियांग प्रांत के प्रशासन ने नौका और क्रूज सेवाओं सहित पानी से जुड़ी सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी है। इस तूफान के कारण पूर्वी चीन के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

संभावित खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों को सतर्क रहने और बाढ़ और भूस्खलन जैसे जोखिमों से बचाव के आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।

4 लाख से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

स्थानीय अधिकारियों ने तूफान के खतरे को देखते हुए खतरे संभावित क्षेत्रों से निवासियों को निकालना शुरू कर दिया है। झेजियांग के ताइझोउ शहर में शनिवार शाम को लगभग 390,000 लोगों को निकाला गया, जबकि शंघाई के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से 30,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com