वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के लिए BCCI ने बनाया खास प्लान

 न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध घरेलू मैदान पर क्रमश: 2024 और 2025 में पांच टेस्ट मैच हारने के बाद बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ने वीवीएस लक्ष्मण के नेतृत्व में एक नई योजना तैयार की है। जिसके अंतर्गत वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे युवा खिलाड़ी जून-जुलाई में होने वाले अंतर सीओई टूर्नामेंट में चार-दिवसीय लाल गेंद का मैच खेलेंगे।

इस टूर्नामेंट का उद्देश्य 25 साल से कम उम्र के 64 शीर्ष युवा क्रिकेटरों की पहचान करना और अगले दशक के लिए भारत की लाल गेंद की प्रतिभा को मजबूत बनाना है। सीओए से जुड़े सभी कोच और राष्ट्रीय चयनकर्ता (सीनियर, पाथवेज -भारत ए, भारत अंडर-23) और आयु-वर्ग (अंडर-19, अंडर-16) को स्पष्ट रूप से बता दिया गया है।

अंडर-25 के खिलाड़ी होंगे हिस्सा

बेंगलुरु में होने वाले अधिकांश हाई परफार्मेंस शिविर के दौरान अगले एक वर्ष तक उनका मुख्य फोकस लाल गेंद की प्रतिभा पूल को सही दिशा में लाने पर होगा, ताकि निकट और दूर के भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि भारत इमर्जिंग टीम में केवल अंडर-25 खिलाड़ी शामिल होंगे और वे ‘शैडो टूर’ के लिए भारत ए टीम का भी हिस्सा बनेंगे। यह रोडमैप सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर को पूरी जानकारी देते हुए तैयार किया जाएगा।

सूत्र ने कहा कि आईपीएल खत्म होने के बाद भारत अंडर-19 और इमर्जिंग (अंडर-25) दोनों टीम चार-दिवसीय मैच के लिए श्रीलंका का दौरा करेंगी। टीम का चयन इंटरा-सीओई टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। योजना यह है कि 64 क्रिकेटरों का चयन किया जाएगा जिन्हें बाद में 16-16 खिलाड़ियों की चार टीमों में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम को सीओई में चार-दिवसीय लाल गेंद के दो मैच खेलने का मौका मिलेगा और उन्हें मैच का उचित अभ्यास देने के लिए अलग-अलग तरह की पिचें उपलब्ध कराई जाएंगी।

आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल

इनमें से 25 क्रिकेटरों को जूनियर चयन समिति चुनेगी जबकि 25 अन्य क्रिकेटरों का चयन सीनियर समिति द्वारा किया जाएगा। इन 50 क्रिकेटरों के अलावा 14 अन्य खिलाड़ी वो होंगे जो आइपीएल का हिस्सा हैं। इनमें म्हात्रे, सूर्यवंशी और समीर रिजवी जैसे कुछ नाम शामिल हैं। यदि ये सभी खिलाड़ी फिट और उपलब्ध रहते हैं तो इनके शामिल होने से 64 खिलाड़ियों की यह सूची पूरी हो जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com