लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्य आज भी हमें सुशासन और लोकहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ”देशभर में मंदिरों, घाटों और धर्मस्थलों के पुनर्निर्माण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से एक आदर्श शासन व्यवस्था का उदाहरण प्रस्तुत करने वाली ‘लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर कोटिशः नमन।”
उन्होंने कहा, ”प्रजा के हित को सर्वोपरि रखते हुए विकास, धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए उनके द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्य आज भी हमें सुशासन और लोकहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।” बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अहिल्याबाई को श्रद्धांजलि देते हुए ‘एक्स’ पर अपने एक पोस्ट में कहा, ”देश में न्यायप्रिय, धर्मनिरपेक्ष एवं लोक कल्याणकारी महान शासक के रूप में प्रसिद्ध अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर शत्-शत् नमन एवं अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित।”
उन्होंने कहा, ”भारतीय इतिहास की महान शासक अहिल्याबाई होल्कर जी ने अपने आदर्शों, सेवा-भाव और जनहितकारी कार्यों से समाज को नयी दिशा प्रदान की।” मायावती ने कहा, ”उनका जीवन नारी शक्ति, सुशासन, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा का प्रेरणा स्त्रोत है। आज उनकी जयंती के पावन अवसर पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं उनके अनुयायियों को शुभकामनाए।” अठारहवीं शताब्दी के मालवा में होल्कर वंश की रानी अहिल्याबाई होलकर को उनके असाधारण शासन, सामाजिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और संस्कृति एवं आध्यात्मिकता के प्रति योगदान के लिए याद किया जाता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal