लॉकडाउन खत्म होने से पहले भारत ने हर दिन 4.5 लाख PPE किट बनाने की क्षमता विकसित की: भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा

बिहार चुनाव से पहले सभी पार्टियों ने सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ योजना को लेकर लोगों को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने इस अभियान से बिहार को होने वाले फायदों से जनता को रूबरू कराया।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, जब कोरोना महामारी शुरू हुई, तो भारत चीन से भी पीपीई किट आयात कर रहा था। लेकिन लॉकडाउन खत्म होने से पहले तक भारत ने हर दिन 4.5 लाख पीपीई किट बनाने की क्षमता विकसित की। मैं आत्मनिर्भर भारत की भावना पर जोर देने के लिए इस पर प्रकाश डाल रहा हूं।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर सभी पार्टियों द्वारा अपनी तैयारियों को लेकर नेताओं से मुलाकात करना जारी है। इसी कड़ी में, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। वहीं, उन्होंने पटना स्थित बड़ी पटन देवी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। बता दें कि जेपी नड्डा अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं।

वहीं, शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को अति उत्साह से बचने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि हमें भाजपा के साथ एनडीए की बड़ी जीत सुनिश्चित करनी है।

बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने पार्टी विधायकों की संख्या को तीन अंकों तक पहुंचाने के लिए सभी को काम करने को कहा है। इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं को गांव-गांव जाकर समर्थन जुटाने का टास्क मिला है। बैठक में चुनाव संचालन समिति में शामिल 71 में 61 लोग शामिल हुए। उन्हें पार्टी की जमीनी हकीकत और जनता की राय पर बोलने का मौका दिया गया।

चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने दावा किया है कि एनडीए को 220 सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि 60 हजार सप्तऋषि हमारे कर्णधार बनेंगे। भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपब्लधियों की लंबी सूची है।

भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस शनिवार से पार्टी के जमीनी चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री का पार्टी ने जिलों के दौरे से संबंधित कार्यक्रम तय किया है। भाजपा नेता आज आरा, जहानाबाद, गया, पूर्णिया और कटिहार का दौरा करेंगे। वे जेपी नड्डा के साथ आत्मनिर्भर बिहार अभियान का भी शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे जिलों के दौरे पर जाएंगे।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com