देर रात ढाबा बंद होने पर जब मालिक ने खाना खिलाने से मना कर दिया तो दो लोगों ने उन पर बेसबाल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपित जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अब थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने मुंडियां खुर्द स्थित सुभाष दा बेहड़ा निवासी अमनिंदर सिंह तथा राजविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ भूपिंदर सिंह ने बताया कि उक्त केस चंडीगढ़ के गांव भोलापुर निवासी सरवण कुमार की शिकायत पर दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि चंडीगढ़ रोड गांव भोलापुर में उसका ढाबा है। 30 अगस्त की रात 9 बजे वो और उसका बेटा राहुल ढाबा बंद कर रहे थे।
इसी दाैरान दोनों आरोपित वहां आए अाैर कहा कि वह खाना खाने के लिए आए हैं। सरवण कुमार ने उन्हें बताया कि ढाबा बंद हो चुका है। जिस पर उन दोनों ने यह बोल कर गाली गलौज करना शुरू कर दिया कि वो लोग तो अब खाना खा कर ही जाएंगे। उनके मना करने पर आरोपितों ने बेस बाल से उन दोनों के साथ मारपीट की। शोर सुन कर जब सरवण का भाई कमलेश बाहर आया तो आरोपितों ने उन्हें भी बुरी तरह से पीटा। लोगों को जमा होते देख आरोपित जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal