उत्तर प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग क्षेत्र को नई पहचान देने के लिए यूपी टेक्स-2026 का आयोजन 8 और 9 सितंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया।
पॉलिसी में सभी प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे
इस मौके पर मंत्री राकेश सचान ने कहा कि भारत टैक्स की तर्ज पर पहली बार यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। यूपी में दो लाख से ज्यादा हथकरघा बुनकर हैं। निर्यात में इनका बड़ा योगदान है। सरकार ने 2017 और 2022 की नीति में 116 निवेशकों को 316 करोड़ इंसेंटिव दिया। 2022 नीति में 96 करोड़ का इंसेंटिव दिया। इंडस्ट्री के सुझाव को 2027 के बाद की पॉलिसी में सभी प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय मेलों में 90 फीसदी तक सब्सिडी तक दी जा रही है। आज 5354 करोड़ के प्रस्ताव पास हो गए हैं। संत कबीर टेक्सटाइल पार्क के तहत 10 पार्क बनाने हैं। अमरोहा बरेली सहित पांच पार्क में काम शुरू हो चुका है। टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग पार्क यूपी में बनाने का प्रस्ताव है। आयात की जाने वाली मशीनें यहीं बनेंगी। घाटमपुर में गन्ना विभाग की एक हजार एकड़ जमीन मिल जाए तो टेक्सटाइल पार्क बन जाए।
यूपी में बड़ा निवेश करेगा रामकी ग्रुप
रामकी ग्रुप के फॉर्मर चेयरमैन अल्ला अयोध्या रामी रेड्डी ने कहा कि यूपी टेक्सटाइल सेक्टर को देश का मॉडल बना सकता है। सीएम को देख कॉन्फिडेंस मिलता है कि यूपी में अपना पैसा लगाना सेफ है। यहां कानून और सुरक्षा का माहौल है। टेक्सटाइल सेक्टर पुराना सेक्टर है। इस पर तमिलनाडु ने सबसे ज्यादा ग्रोथ लिया है। उसी मॉडल पर आगे आने के लिए विजन लेकर आना है। पीएम मित्र पार्क और अन्य पांच पार्क इसकी शुरुआत हो सकती है। सरकार हमें हर तरह से साथ देगी और निजी सेक्टर को यहां निवेश करना उद्यमियों का काम है। हम यूपी में इंफ्रा में बड़े निवेश की घोषणा करते हैं।
नई तकनीक और व्यापार के अवसरों पर भी चर्चा होगी
यूपी टेक्स में प्रदेश की वस्त्र एवं परिधान नीतियों के तहत उपलब्ध सब्सिडी, प्रोत्साहन और योजनाओं की जानकारी निवेशकों, खरीदारों, निर्यातकों, निर्माताओं, मशीनरी आपूर्तिकर्ताओं और विशेषज्ञों को दी जाएगी। नई तकनीक, समाधान और व्यापार के अवसरों पर भी चर्चा होगी।
2017-18 से लागू हैंडलूम, पावरलूम, सिल्क, टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2017 और टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022 के तहत 214 इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी हुए हैं। इनमें 157 इकाइयों को 416.75 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
4,122 बुनकरों को 73.18 करोड़ रुपये मिले
मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना के तहत 4,122 बुनकरों को 73.18 करोड़ रुपये मिले हैं। अटल बिहारी पावरलूम बुनकर विद्युत फ्लैट रेट योजना में 99,929 कनेक्शनधारकों के लिए 3446.44 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
लखनऊ-हरदोई सीमा पर एक हजार एकड़ में पीएम मित्र पार्क का बाउंड्री-वॉल कार्य 95 प्रतिशत पूरा है। वाराणसी, संत कबीर नगर, बरेली, बिजनौर, अमरोहा समेत सीतापुर, रायबरेली, मऊ और कानपुर नगर में टेक्सटाइल पार्कों के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal