भारतीय ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा तीसरे टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह से फिट हैं और अगर सब कुछ ठीक रहा तो वो सिडनी टेस्ट में टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करते भी नजर आएंगे। रोहित शर्मा ने साल 2019 में भारत के लिए टेस्ट में ओपनिंग की शुरुआत की और सिर्फ पांच टेस्ट मैचों में तीन शतकीय पारी खेली दी जिसमें उन्होंने अपने टेस्ट करियर की सबसे बेस्ट 212 रन की पारी भी खेल डाली। रोहित अगर एक बार सेट हो जाएं तो वो बड़े-बड़े शॉट्स लगाने से नहीं चूकते और संभव है कि अगले दो टेस्ट मैचों में भी हमें कुछ बड़ी पारियां देखने को मिल जाए।

रोहित शर्मा इतिहास रचने के बेहद करीब
रोहित शर्मा छक्के लगाने के मामले में इस वक्त इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरे नंबर पर हैं और उनके नाम पर कुल 423 छक्के दर्ज हैं तो वहीं वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं बात अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने की हो तो इस मामले में पहले स्थान पर रोहित शर्मा हैं। रोहित ने कंगारू टीम के खिलाफ अब तक कुल 99 छक्के लगाए हैं और एक छक्का लगाते ही वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छक्कों का शतक पूरा कर लेंगे यानी वो इस टीम के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज-
रोहित शर्मा- 99 छक्के
इयोन मोर्गन- 63 छक्के
ब्रैंडन मैकुलम- 61 छक्के
सचिन तेंदुलकर- 60 छक्के
महेंद्र सिंह धौनी- 60 छक्के
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रोहित के नाम सबसे ज्यादा छक्के
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की बात करें तो इसमें अब तक भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा ने इस टेस्ट चैंपियनशिप में खेले 6 पारियों में कुल 20 छक्के लगाए हैं जबकि इस मामले में दूसरे नंबर पर मयंक अग्रवाल हैं जिन्होंने 18 पारियों में कुल 17 छक्के जड़े हैं। वहीं तीसरे नंबर पर मौजूद रवींद्र जडेजा ने 12 पारियों में 10 छक्के लगाए हैं। रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने अब तक 32 टेस्ट मैचों में 52 छक्के लगाएंगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal