रैप गायक हनी सिंह बड़ी मुसीबत में फंसे, मोहाली पुलिस ने किया मामला दर्ज

मशहूर रैप गायक यो-यो बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। उनके खिलाफ में मोहाली के माटौर थाना में मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ यह मामला उनके नए गाने मखना में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक और अशिट शब्‍दों के प्रयोग के आरोप में दर्ज किया गया है। उनके साथ मखना म्‍यूजिक एलबम के प्रोड्यूसर भूषण कुमार के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पंजाब महिला आयोग की शिकायत पर की गई है। 

म्यूजिक इंडस्ट्री में लंबे अर्से तक गायब रहने के बाद हनी सिंह ने अपने नए एलबम ‘मखना’ के साथ इंडस्ट्री में दोबारा एंट्री की है। महिलाओं के लिए आपत्तिजनक व भद्दे शब्‍दावली के कारण यह गाना विवादों में घिर गया है। हनी सिंह के साथ गायिका नेहा कक्‍कड़ के खिलाफ भी इस मामले में लपेटे में आ सकती हैं। महिला आयोग की शिकायत में हनी सिंह और भूषण कुमार के साथ-साथ नेहा कक्‍कड़ का भी नाम है।

हनी सिंह के खिलाफ मंगलवार को पंजाब वूमेन कमीशन के आदेश पर मोहाली के थाना माटौर में महिलाओं को बदनाम करने व उनके सम्‍मान को ठेस पहुंचाने के आरोप के अंतर्गत भादसं की धारा 294 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हनी सिंह के गाने ‘मखना’ में महिलाओं के लिए गलत  शब्दावली का इस्तेमाल करने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। पंजाब महिला आयोग की चयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्‍ता को पत्र लिखकर हनी सिंह व अन्‍य के खिलाफ एफआरआइ दर्ज कर कार्रवाई करने की सिफारिश की थी।इसके बाद DGP दिनकर गुप्ता ने  मोहाली के एसएसपी हरचरण सिंह भुल्‍लर को एफआरआइ दर्ज करने के आदेश दिया था।

 

पंजाब महिला आयोग ने हनी सिंह के गाने मखना में महिलाओं के लिए गलत शब्‍दावली पर उठाया कदम

करीब पांच दिन पहले पंजाब महिला आयोग ने हनी सिंह, नेहा कक्‍कड़ और एलबम बनाने वाली म्‍यूजिक कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने और एफआइआर दर्ज करने के लिए पंजाब पुलिस से सिफारिश की थी। आयोग की प्रधान मनीषा गुलाटी ने कहा था यो-यो हनी सिंह द्वारा नए गाने में महिलाओं के खिलाफ अश्‍लील व अशिष्‍ट बोल (शब्‍दावली) का इस्‍तेमाल किया गया है। आयोग ने इस संबंध में पंजाब के गृह सचिव व पुलिस काे पत्र लिखा था। मामले की जांच एसपी स्‍तर के अधिकारी को सौंपी गई थी ।

नए गाने में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा पर एफआइआर दर्ज करने की सिफारिश

पंजाब महिला आयोग ने पूरे मामले में स्‍वत: संज्ञान लिया। आयोग की प्रधान मनीषा गुलाटी ने यो-यो हनीसिंह के नए गीत को आपत्तिजनक बताते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मनीषा गुलाटी ने कहा, हमने पुलिस से गायक यो-यो हनी सिंह के खिलाफ उनके गाने में महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का इस्‍तेमाल करने के लिए एफआइआर दर्ज करने को कहा है। हनी सिंह के नए गाने ‘मक्‍खना’ में महिलाओं के लिए अशिष्‍ट व अश्‍लील भाषा का प्रयोग किया गया है।

 

पंजाब महिला आयोग की प्रधान ने कहा कि इस तरह की हरकत को कतई बर्दाश्‍त नहीं किया जा सकता है। मनीषा गुलाटी ने कहा कि महिला आयोग ने पुलिस से पूरे मामले में 12 जुलाई तक स्‍टेट्स रिपोर्ट देने को कहा। इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्‍दावली वाले इस गीत को पंजाब में प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।

यू-ट्यूब पर 200 मिलियन बार देखे जा चुके इस गाने पर सवाल उठने और पंजाब महिला आयोग के कदम से रैपर हनी सिंह को तगड़ा झटका लगा है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की जांच एसपी रैंक के अधिकारी को सौंपी। आयोग के दोनों सिंगर हनी सिंह व नेहा कक्‍कड़ और म्यूजिक कंपनी टी सीरीज के प्रबंध निदेशक भूषण कुमार के खिलाफ महिला आयोग एक्ट 2001 के तहत मामला दर्ज की मांग की। पंजाब महिला आयोग की प्रधान मनीषा गुलाटी ने कहा कि पुलिस के उच्चाधिकारी दफ्तर पहुंचकर यह भी जानकारी दें कि इस मामले में उन्होंने क्या कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई इसलिए की गई ताकि भविष्य में कोई अन्य गायक या गीतकार, महिलाओं के प्रति ऐसे अभद्र गीत न बनाएं। केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड को भी गीतकारों पर रोक लगाने के लिए कुछ नियम निर्धारित करने चाहिए। अश्लीलता को लेकर  हनी सिंह के गाने पहले भी सुर्खियों मेंं रहे हैं। 2012 में दिल्ली के सामूहिक दुष्कर्म कांड के बाद भी हनी सिंह के गानों में महिलाओं के खिलाफ हिंसात्मक टिप्पणियों को लेकर विवाद उठा था और वह निशाने पर आ गए थे। हनी सिंह के अलावा कुछ अन्‍य गायकों पर भी समय-समय पर विवादित गानों को लेकर आरोप लगते रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com