मध्यप्रदेश चुनाव के ऐलान से पहले ने ही सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश की जा रही है। भाजपा के साथ ही कांग्रेस भी एमपी चुनाव में जीत के लिए पूरा जोर लगा रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज मुरैना पहुंचे हैं। वो यहां एकता परिषद के सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वो किसानों और आदिवासियों को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी ने यहां किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि, “जब हम सत्ता में थे तो हमने किसानों, आदिवासियों और दलितों को अधिकार दिए। लेकिन आज सरकार 10-15 उद्योगपतियों को हजारों एकड़ जमीन ऐसे ही दे रही है। वहीं राहुल गांधी ने भूमि अधिग्रहण कानून का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि, 2013 में भूमि अधिग्रहण कानून हम लाए थे। इसमें हमने प्रावधान किया था, किसानों से ही पूछकर जमीन ली जाएगी। इसके लिए किसानों को जमीन की बाजार भाव से चार गुना कीमत दी जाएगी।”
राहुल गांधी ने यहां नीरव मोदी के सहारे केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने विजय माल्या का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि, “विजय माल्या बैंकों का 10 हजार करोड़ लेकर भाग गया। भागने से पहले उसने वित्त मंत्री अरूण जेटली से मुलाकात की थी। लेकिन जानकारी होने के बाद भी उन्होंने पुलिस को नहीं बताया।”
राहुल गांधी ने यहां भी राफेल डील की बात उठाई। उन्होंने पीएम पर आरोप लगाए कि उन्होंने फ्रांस से कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव कराए और ये डील अनिल अंबानी की कंपनी को दिलाई।
राहुल गांधी चंबल के अलावा महाकौशल क्षेत्र में भी दौरा करेंगे। वो शाम को जबलपुर जाएंगे। यहां ग्वारीघाट में पूजा करने के बाद वो शाम को रोड शो करेंगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal