मुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को अध्यात्म की जानकारी नहीं है। वैसे भी इटली व भारत की संस्कृति में अंतर है। विपक्ष ‘भगवा’ समझ सके, इसीलिए ‘तानाजी’ फिल्म को टैक्स फ्री किया है। योगी ने दावा किया कि प्रदेश में 2022 में फिर तीन चौथाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा सरकार के फैसलों पर संविधान की अनदेखी का सवाल वही उठा रहे हैं जो देश विभाजन के दोषी हैं। जिन्होंने योजनाएं लागू करने से लेकर फैसले करने तक में मजहब व जाति देखी। हमने गरीबों को प्राथमिकता दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग हिंसा और उपद्रव करके फैसलों को बदलवाने का सपना देख रहे हैं, वे भ्रम में हैं। शांतिपूर्ण विरोध स्वीकार होगा, लेकिन हिंसा और आगजनी को एकदम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपद्रवी यह न समझें कि उन्हें मुख्यमंत्री आवास बुलाकर माल्यार्पण कर स्वागत किया जाएगा और समझाया जाएगा। इस सरकार में उन्हें सबक सिखाया जाएगा।