राजीव नगर-आनंदपुरी के लोगों की परेशानी जल्द होगी खत्म, सीएम नीतीश ने अधिकारियों को क्या निर्देश दिया?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मैंने निर्देश दिया था कि इन नालों को ठीक करते हुए इसके ऊपर सड़क निर्माण कराने का निर्देश दिया था, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो। इससे राजीव नगर, आनंदपुरी इलाके के कई लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

पटना के राजीव नगर और आनंद पुरी इलाके के लोग कई साल से नाला को ढंकने की मांग कर रहे थे। सीएम नीतीश कुमार ने पिछले साल फरवरी में उनकी इस मांग को पूरा कर दिया और नाला को ढंक कर उसके ऊपर सड़क बनाने का निर्देश दिया था। एक साल बीत गए लेकिन अब तक निर्माण कार्य करीब 20 फीसदी तक ही पूरा हो पाया है। इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज आशियाना दीघा रोड में राजीव नगर के पास बनाये जा रहे कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) निर्माण योजना का निरीक्षण किया साथ ही आनंदपुरी नाला का भी निरीक्षण किया।

सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा सुनिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नाला निर्माण योजना के अंतर्गत नाले का पक्कीकरण कर इसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। इन योजनाओं के पूर्ण होने पर जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी एवं नाले के ऊपर टू-लेन सड़क निर्माण से लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी। शहर भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हमने 21 फरवरी, 2025 को पटना जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया था और उस दौरान जिले की कई विकास योजनाओं की घोषणाएं की थी। उसी समय मैंने आनन्दपुरी नाला तथा कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) का निरीक्षण किया था जिसमें काफी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।

4.26 किलोमीटर की सड़क बनेगी राजीव नगर नाला पर
बता दें कि राजीव नगर नाला पटना शहर के जल निकासी के लिए एक महत्वपूर्ण नाला है। इसकी लंबाई 4.26 किलोमीटर है जो दीघा आशियाना रोड से प्रारंभ होकर कुर्जी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है। राजीव नगर नाले का पक्कीकरण एवं इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जा रहा है। वहीं आनन्दपुरी नाला पटना शहर के जल निकासी हेतु एक महत्वपूर्ण नाला है। इसकी लंबाई लगभग चार किलोमीटर है जो बाबा चौक से शुरू होकर अटल पथ एवं एएन कॉलेज के पास से राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है। आनन्दपुरी नाले का पक्कीकरण एवं इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com