सीएम योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लोकतांत्रिक विरासत को और सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया है। उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों के नियमानुसार सत्यापन की जरूरत बताई। साथ ही 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत युगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अपने लोकतांत्रिक विरासत को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन आवश्यक है।
अपात्र नामों की पहचान कर हटाना जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि सभी जागरूक मतदाताओं को ध्यान रखना चाहिए कि मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार हटाना जरूरी है। उन्होंने इसे भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य बताया।
18 वर्ष की उम्र पूरी करने वालों से नाम जुड़वाने की अपील
सीएम ने कहा, “मेरी अपील है कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे प्रत्येक युवा साथी अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।” उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अंत में सीएम योगी ने लोगों से शुद्ध, सशक्त और पारदर्शी मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal