यूपी-बिहार में तूफान और वज्रपात का कहर, 16 की मौत

मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित 16 राज्यों में मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यूपी में वज्रपात में 16 लोगों की मौत

पश्चिम विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली। उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी-पानी और वज्रपात से 16 लोगों की मौत हो गई। जिनमें बिहार में 10 लोगों की जान गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोगों समेत 10 झुलस गए।

पहाड़ों पर हुई ओलावृष्टि

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हिमपात, मैदानों में वर्षा और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

यूपी में देवरिया में वज्रपात की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उरई के कोटरा क्षेत्र में खेत में मवेशी चरा रहे 32 वर्षीय गोविंद की मौत हो गई।

अलीगढ़ में आंधी के दौरान सीमेंट फैक्ट्री के एक सिक्योरिटी गार्ड की बैरियर गिरने से जान चली गई, जबकि बरेली में तेज आंधी के दौरान सोलर पैनल गिरने से घायल व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बिहार में वज्रपात में कई मौत

बिहार में जान गंवाने वालों में खगड़िया जिले के पांच, मधेपुरा में दंपती और भागलपुर, सहरसा, भोजपुर एवं जमुई के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। सरस्वती नगर गांव में वज्रपात से खेत में काम कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 10 लोग झुलस गए, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं।

मधेपुरा जिले के परेल गांव में वज्रपात की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे शंभू मंडल व उनकी पत्नी कविता देवी की मृत्यु हो गई। भोजपुर जिले के कौंरा गांव में तेज आंधी और वर्षा के दौरान टिन शेड उड़कर अंगूरा देवी के ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

उत्तराखंड में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। कई जिलों में अंधड़ के साथ तेज वर्षा व ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चारधाम यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में कई स्थानों पर वर्षा व हिमपात

हिमाचल में कई स्थानों पर गुरुवार को वर्षा व हिमपात के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा में हल्का हिमपात हुआ।

ऊना में दिन में लू चली और तापमान में 0.8 डिग्री वृद्धि के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है।

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते गुरुवार दोपहर बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अचानक मौसम बदलने से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को कुछ राहत मिली।

….पंजाब में वर्षा व ओलावृष्टि, अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़

पंजाब में गुरुवार देर शाम जालंधर, कपूरथला, अमृतसर सहित कई जिलों में आंधी के साथ तेज वर्षा हुई। जालंधर-अमृतसर रेलवे ट्रैक पर अमृतसर के पास रात लगभग साढ़े सात बजे पेड़ गिरने के कारण रेल यातायात ठप हो गया।

आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया गया। पौन घंटे बाद रात सवा आठ बजे पेड़ हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com