यमुनानगर में जमीन पर कब्जे के विवाद में लोगों के झुंड ने घर में लगा दी आग…मामला बिगड़ा

हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव जैतपुर में जमीनी विवाद के चलते खेत पर कब्जा करने आए 50 के करीब लोगों ने महिला के घर को आग लगा दी। महिला उस समय खाना बना रही थी और उसने बच्चों के साथ भाग कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। घर में आग लगने से उसे बहुत नुकसान हुआ है।

महिला मसरूफ ने बताया कि आज वह अपने घर पर खाना बना रही थी तो उस समय खेत पर कब्जा करने के लिए 50 से अधिक लोग अचानक से उनके घर आए और उन्होंने उसके घर पर आग लगा दी। आग इतनी भयंकर थी कि चंद ही मिनटों में उसका घर आग की भेंट चढ़ गया और घर में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया। जिस समय यह वारदात हुई, उस समय वह अपने बच्चों के लिए खाना बना रही थी।

पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति इमरान के साथ इस गांव में अपने चाचा से खरीदी हुई जमीन पर कच्ची छत डालकर और घर घास फूस से घर बना कर उसमें रह रही थी। उसके चाचा का अन्य गांव के लोगों से उनके घर के साथ लगती जमीन पर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आज गांव के लोगों ने बाहर के कुछ लोगों के साथ मिलकर उसके घर में आग लगा दी और उसने घर से बाहर बच्चों के साथ निकालकर अपनी जान बचाई। हमला करने वाले लोगों के पास लाठी डंडे व कुछ हथियार भी थे।

महिला ने बताया कि वह इस गांव में बाहर से आकर बसी है। बड़ी मेहनत और मशक्कत करने के बाद उसने लकड़ी और घास फूस की सहायता से कच्चा घर बनाया, लेकिन आज वह भी आग की भेंट चढ़ गया। जब यह वारदात हुई उसका पति घर पर नहीं था। वह मेहनत मजदूरी करने के लिए बाहर गया हुआ था। उसके आसपास के लोगों ने भयानक आग से उसकी और उसके बच्चों की रक्षा की। अब पीड़िता ने पुलिस चौकी में शिकायत दी है जिसमें उसने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com