मौसम अलर्ट: आज UP के इन इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ होगी बारिश

पाकिस्तान के आसपास विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के अन्य उत्तरी राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदला। पश्चिमी यूपी में शुक्रवार की शाम को धूल भरी आंधी चली और कई जगह पर हल्की बारिश हुई। मौसम निदेशक जेपी गुप्त के अनुसार शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

जेपी गुप्त ने बताया कि यह पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार और सोमवार को भी जारी रहेगा और पूर्वी उत्तर प्रदेश का मौसम खराब बना रहेगा। इसके साथ, कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार जताए गए हैं। मौसम में होने वाला यह बदलाव प्रदेश के किसानों के लिए नई मुसीबत लेकर आने वाला है क्योंकि इन दिनों गेहूं की कटाई जोरों पर चल रही है। तमाम किसानों की कटी हुई फसल खलिहानों में पड़ी हुई है। आंधी-पानी से किसानों को नुकसान हो सकता है।

बुधवार को दक्षिणी-पश्चिम मानसून के पहले दीर्घकालिक पूर्वानुमान के बारे में मौसम निदेशक ने बताया कि इस बार मानसून का पैटर्न थोड़ा बदला हुआ रहेगा। इस लिहाज से उत्तर प्रदेश में मानसून का आगमन 15 से 18 जून के 20 से 25 जून के बीच हो सकता है। उन्होंने कहा कि पहले पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में भी मानसून सामान्य रहेगा।

तेज हवा-बादलों से दिल्ली एनसीआर के तापमान में आई गिरावट
दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं और बादलों के चलते शुक्रवार को तापमान में गिरावट आई। ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार सुबह हल्के बादल छाए रहे। दिन निकलने के साथ ही धूप तीखी हो गई, लेकिन बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही लगी रही। दोपहर बाद दिल्ली के कई हिस्सों में घने काले बादल छा गए। इस दौरान हवा की रफ्तार तीस किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com