दरभंगा के मदारपूर मोहल्ले में मोबाइल चोरी को लेकर विवाद हिंसक रूप ले लिया। पत्थरबाजी में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए, पुलिस ने चार को हिरासत में लिया। हालात नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मदारपूर मोहल्ले में मोबाइल चोरी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। अचानक हुई पथरबाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने के बाद कई उपद्रवी अपने-अपने घरों में छिप गए। देर रात तक पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती रही।
घायल छोटू कुमार ने बताया कि एक छात्र का मोबाइल कुछ युवकों ने छीन लिया था। छात्र ने आरोपितों को पहचान लिया और मोबाइल वापस लेने उनके मोहल्ले में पहुंचा था। छोटू कुमार ने कहा कि पहले कहा गया कि मोबाइल सुबह दिया जाएगा। इसी बीच वह ऑटो चलाकर घर लौट रहा था, तभी अचानक दूसरे पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया, जो करीब तीन मिनट तक चला। छोटू कुमार के अनुसार, उन्हें हाथ, कमर और सिर में चोटें आई हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी ओर से कोई पथराव नहीं किया गया, बल्कि सामने वाले युवकों ने ही हमला किया।
लहेरियासराय थाना प्रभारी शम्भू कुमार झा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीन लड़कों ने मिलकर एक युवक का मोबाइल छीन लिया था। पीड़ित युवक मोबाइल वापस लेने आरोपितों के घर गया, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी की बड़ी घटना की बात अतिशयोक्ति है, केवल एक-दो पत्थर चले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal