मैं कहूंगा, आगे चलो-वो पीछे चलेंगे, दाएं चलो-वो बाएं चलेंगे: CM शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आम सभा की। पिसनहारी की मढ़िया के पास स्थित पुराने बस स्टैंड पर लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि अगर गड़बड़ महापौर बन गया तो शहर का विकास रूक जाएगा। मैं कहूंगा- आगे चलो तो वो पीछे चलेंगे, दांए चलो तो बांए चलेंगे, ऊपर चलो तो नीचे चलेंंगे। इसलिए अपना वोट बहुत सोच-समझकर देना।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसने बिल्डरों को अपना प्रत्याशी बनाया है, बिल्डर जीत गए तो वो तो बन जाएंगे लेकिन आप के घर नहीं बन पाएंगे। हमारी सरकार ने पहले मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना, कन्यादान विवाह, लाड़ली लक्ष्मी सहित अनेक योजनाएं शुरू कराई थीं, लेकिन डेढ़ साल के लिए सत्ता में आई कमल नाथ सरकार ने उन सारी योजनाओं को बंद कर दिया। लेकिन भाजपा ने सत्ता में वापसी करते ही बंद पड़ी योजनाओं में से कुछ को चालू कर दिया, जबकि कुछ अन्य को जल्दी ही चालू किए जाने की योजना है।

गोलू, बंटी, मुन्नू, लल्ला- सब पढ़ेंगे

शिवराज सिंह ने निर्धन बच्चों की शिक्षा काे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे को अच्छी और उच्च शिक्षा दिलाने प्रतिबद्ध है। गोलू, बंटी, मुन्नू, लल्ला सब पढ़ाई कर सकेंगे। उनकी पढ़ाई का खर्चा सरकार उठाएगी।

अब हड्डी नहीं जोड़ेंगे डाक्टर साहब

सीएम ने अपने उद्बोधन में कहा कि जबलपुर वासी डा. जितेंद्र जामदार को जिताएं, वो अब अपने अस्पताल में हड्डी नहीं जोड़ेंगे, वहां का काम किसी और को सौंपकर समाज की सेवा में लगेंगे। सीएम ने आमसभा के दौरान गढ़ा क्षेत्र के अठारह वार्डों से चुनाव लड़ रहे सभी 18 भाजपा प्रत्याशियों के नाम मंच से पुकार कर उनके पक्ष में मतदान के लिए अपील की।

छोटे से मैदान में उमड़ा जनसैलाब

पिसनहारी की मढ़िया स्थित पुराने बस स्टैंड पर बहुत ज्यादा जगह नहीं है, बमुश्किल डेढ़-दो एकड़ के इस मैदान में हजारों लोग समा गए। लोगों की भीड़ ऐसी रही कि आम सभा के बाद काफी देर तक मेडीकल मार्ग पर आवागमन सामान्य नहीं हो पाया।

भाजपा के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि, कांग्रेस करती है तुष्टीकरण की राजनीति

इसके पहले बड़ा पत्थर रांझी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है जबकि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। दुनिया की कोई ताकत भारत की शक्ति को नकार नहीं सकती। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनेगा। मुख्यमंत्री ने जनता से भारतीय जनता पार्टी से महापौर पद के प्रत्याशी डाक्टर जितेंद्र जामदार और पार्षद प्रत्याशियों के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि डाक्टर जामदार ने एक रुपये के मानदेय पर जनता की सेवा का संकल्प लिया है। यदि कांग्रेस का महापौर और पार्षद जीते तो जबलपुर का विकास रुक जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सरकार नहीं जनता की जिंदगी बदलने का अभियान चला रहा हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर जबलपुर में बनाए जा रहा है जो कि इंदौर और भोपाल में नहीं है।

मध्य प्रदेश की धरती पर आतंकवाद बर्दाश्त नहीं-

राजस्थान के उदयपुर और महाराष्ट्र में हुई घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम आतंकवाद और आतंकवादियों को कुचल देंगे। जनता का शोषण करने वाले गुंडे माफिया बदमाशों पर बुलडोजर चलेगा। मध्यप्रदेश में आतंकी मानसिकता को ही कुचल दिया जाएगा।

कांग्रेस ने बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया-

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया है। कांग्रेस ने कोई भला नहीं किया। उन्होंने कहा कि मैं मंच से पूछ रहा हूं कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने जबलपुर के लिए क्या किया। कांग्रेसी तो जबलपुर के 52 ताल तलैया खा गए। जबकि भाजपा सरकार इनका जीर्णोद्धार करवा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो कमलनाथ ने गरीबों के कल्याण की संबल योजना बंद करवा दी थी। कांग्रेस ने महापाप किया है।

जबलपुर में बनाएंगे फिल्म सिटी, विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं-

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। जबलपुर में फिल्म सिटी का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने आईटी पार्क, गारमेंट क्लस्टर, मिष्ठान क्लस्टर फर्नीचर क्लस्टर का जिक्र किया। उन्होंने गरीबों को मकान बनाने के लिए जमीन का पट्टा देने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन का पट्टा देने के बाद गरीबों को मकान बनाने के लिए पैसे भी दिए जाएंगे। गरीबों के बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़े इसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

11 से 15 अगस्त तक घर-घर फहराएगा तिरंगा-

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 11 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराया जाएगा। इस दौरान सभा स्थल पर मौजूद हजारों नागरिकों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। इस दौरान सांसद राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, भाजपा से महापौर प्रत्याशी डाक्टर जितेंद्र जामदार, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर समेत भाजपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com