मुंबई पुलिस अनुराग कश्यप का जल्द गिरफ्तार करे : अभिनेत्री पायल घोष

अभिनेत्री पायल घोष ने हाल ही में अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया हैl वह जल्द ही वर्सोवा पुलिस स्टेशन जाकर अनुराग कश्यप को गिरफ्तार नहीं करने का कारण मुंबई पुलिस से पूछेंगी, जहां अनुराग कश्यप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैl

पीड़िता के वकील एडवोकेट नितिन सतपुते के अनुसार उनके मुवक्किल और वह पुलिस से पूछने के लिए जाएंगे कि आरोपी को अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है।

नितिन सतपुते ने ट्विटर पर कहा, ‘जब गरीब आदमी यौन उत्पीड़न जैसा संगीन अपराध करता है, तो पुलिस ‘तुरंत कार्रवाई’ करती है और बिना किसी जांच के उन्हें गिरफ्तार कर लेती है और जांच बाद में शुरू होती है। गरीब और अमीर के लिए 2 अलग कानून है क्या।’

पीड़िता ने आगे कहा कि अगर न्याय नहीं हुआ तो वह भूख हड़ताल पर बैठेंगी। इस सप्ताह की शुरुआत में एक अभिनेत्री ने 2013 में उनके साथ यौन उत्पीड़न का आरोप फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ लगाया थाl इसके बाद मुंबई पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की थी। अनुराग कश्यप ने इन आरोपों को ‘निराधार’ बताया है। मंगलवार देर रात वर्सोवा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गईl

इस अवसर पर पीड़ित अभिनेत्री के साथ उनके वकील नितिन सतपुते ने पुलिस से संपर्क किया था। एक अधिकारी ने कहा, ‘भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (I) (यौन उत्पीड़न), 354 (महिला का अपमान करने के इरादे से हमला), 341 और 342 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आगे की जांच जारी है।’

अधिकारी ने आगे कहा कि कथित सात वर्ष पुरानी घटना के संबंध में पूछताछ के लिए अनुराग कश्यप को बुलाया जाएगा। अपनी पुलिस शिकायत में अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि अनुराग कश्यप ने 2013 में वर्सोवा में यारी रोड पर एक जगह पर उनके साथ यौन उत्पीड़न किया था।

सूत्रों के अनुसार अभिनेत्री ने भी ड्रग्स के सेवन के मामले में अनुराग कश्यप के खिलाफ बुधवार शाम को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता केंद्रीय एजेंसी के पास मामला दर्ज कराने के लिए बुधवार शाम करीब 6 बजे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो कार्यालय पहुंची थी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com