मिनटों में घंटों की दूरी: पहली रफ्तार में दिल जीत गई नमो भारत

राजधानी के सराय काले खां से मेरठ के बीच रविवार को नमो भारत की ऐतिहासिक शुरुआत के साथ ही यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अत्याधुनिक सफर की सौगात मिल गई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने इस हाईस्पीड ट्रेन में यात्रा कर अपने अनुभव साझा किए। यात्रियों के मुताबिक, यह सफर बेहद आरामदायक, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाला है। नमो भारत की शुरुआत के दौरान सराय काले खां स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। लोग उत्साह के साथ ट्रेन का इंतजार करते नजर आए।नमो भारत में बैठने का उत्साह यात्रियों में साफ दिखाई दिया। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, उसी दौरान कई यात्रियों ने मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाकर इस पल को यादगार बनाया।

यात्रियों ने बताया कि नमो भारत का सबसे बड़ा फायदा इसका तेज और समयबद्ध संचालन है। जहां पहले दिल्ली से मेरठ पहुंचने में सड़क मार्ग से 2 से 3 घंटे लग जाते थे, वहीं अब यह सफर करीब एक घंटे में पूरा हो रहा है। इससे रोज नौकरी, पढ़ाई या व्यापार के लिए आने-जाने वालों का समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी। मेरठ जा रही अर्शी ने बताया कि वह रोजाना काम के सिलसिले में दिल्ली से मेरठ आती जाती हैं। बस या कार से आने में काफी समय लग जाता था और जाम में फंसना आम बात थी लेकिन नमो भारत ट्रेन से सफर आसान हो गया है। मेरठ से दिल्ली आ रहीं छात्रा नेहा शर्मा ने बताया कि यह ट्रेन छात्रों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

आधुनिक नमो भारत को यात्रियों ने खूब सराहा
नमो भारत में लगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, ऑटोमेटिक दरवाजे, आरामदायक सीटें, एयर कंडीशनिंग और साफ-सुथरे कोच यात्रियों को काफी पसंद आए। इसके अलावा ट्रेन में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती भी की गई है। इससे महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों ने खुद को सुरक्षित महसूस किया। यात्री पवन ने बताया ट्रेन साफ-सुथरी है, सीटें आरामदायक हैं और सफर बहुत स्मूथ है। ट्रेन में सुरक्षा और सुविधाएं भी अच्छी हैं। इस ट्रेन में हवाई जहाज जैसा महसूस हो रहा है

यात्रियों को खूब भाया प्रीमियम लाउंज
नमो भारत में प्रीमियम लाउंज की खास सुविधा दी गई है, जो यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अनुभव देती है। यह लाउंज उन यात्रियों के लिए बनाया गया है जो अपनी यात्रा को और अधिक आरामदायक और विशेष बनाना चाहते हैं। लाउंज में प्रवेश करते ही साफ-सुथरा और शांत वातावरण महसूस होता है। लाउंज में आरामदायक सोफे और कुर्सियां गई हैं, जहां यात्री आराम से बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं। बैठने की व्यवस्था काफी सुव्यवस्थित है, जिससे भीड़-भाड़ का एहसास नहीं होता। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नमो भारत केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की भी उम्मीद जताई जा रही है। बड़ी संख्या में लोग अब निजी वाहनों की जगह ट्रेन से सफर करेंगे, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और जाम से राहत मिलेगी।

पहले यात्रियों अमित, पूजा और सिद्धि में उत्साह
नमो भारत में सबसे पहले सफर करने वालो में अमित और पूजा शामिल रहे। यह दोनों मेरठ जाने के लिए स्टेशन पहुंचे और काउंटर से सबसे पहले टोकन खरीदकर अपनी यात्रा शुरू की। उनके चेहरे पर नई ट्रेन में सफर करने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। वहीं, यात्री सिद्धि ने आधुनिक सुविधा का उपयोग करते हुए सबसे पहले ऑनलाइन टिकट बुक की। वह भी सराय काले खां से मेरठ जाने वाली पहली यात्रियों में शामिल रहीं। ऑनलाइन टिकटिंग व्यवस्था को लेकर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि इससे समय की बचत होती है और प्रक्रिया आसान हो जाती है।

लोगों की राय..
पहले दिल्ली से मेरठ जाने में काफी परेशानी होती थी। बस में धक्का-मुक्की, जाम और थकान से हालत खराब हो जाती थी। लेकिन इस ट्रेन से सफर बहुत आरामदायक है। बैठने की अच्छी व्यवस्था है और सफाई भी बेहतरीन है। (शेखर, यात्री )

नमो भारत को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल हो। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के साथ ऊर्जा की खपत कम है, जिससे पर्यावरण पर कम असर पड़ेगा। ( उत्कर्ष, कंसल्टेंट, नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन)

नमो भारत ट्रेन शुरू होने की जैसे ही जानकारी मिली, मैं सबसे पहले स्टेशन पहुंचा और काउंटर से टोकन लेकर यात्रा शुरू की। ट्रेन का माहौल बेहद साफ-सुथरा और आरामदायक है। सीटें काफी आरामदायक हैं। (करणवीर सिंह, यात्री)

नमो भारत में महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है। हर कोच में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और स्टाफ भी पूरी तरह सतर्क है। ट्रेन में बैठते ही एयर कंडीशनिंग और साफ-सुथरे कोच देखकर बहुत अच्छा महसूस हुआ। ( अभिलाषा, यात्री)

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com