फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ के बॉक्स ऑफिस की हर तरफ चर्चा है। इसकी रिलीज को महीनेभर से ज्यादा हो चुके हैं। मगर, इसका रौला जारी है। देश ही नहीं, विदेशों में भी यह फिल्म प्यार बटोर रही है। फिल्म के खाते में एक और उपलब्धि आई है।
रणवीर सिंह अभिनीत स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ अपने कलेक्शन को लेकर सुर्खियां बटोर रही है। हजार करोड़ी बन चुकी यह फिल्म कमाई के मामले पहले ही कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। अब इसके खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। यह फिल्म जिस रफ्तार से भारत में कमाई कर रही है, उतनी ही रफ्तार से विदेशों में भी नोट छाप रही है। ‘धुरंधर 2’ न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है।
कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2’ का एक और धमाका
आदित्य धर निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर 2’ मानो रिकॉर्ड बुक लिख रही है। ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श ने आज गुरुवार को अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है। इसमें लिखा है, ‘एक और मील का पत्थर! फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में धूम मचा दी है और यहां यह नंबर 1 भारतीय फिल्म बन गई है’। इससे पहले यह फिल्म नॉर्थ अमेरिका और यूके में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। अब यह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी नंबर 1 बन गई है।
न्यूजीलैंड में ‘धुरंधर 2’ ने ‘पठान’ को चटाई धूल
फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने ऑस्ट्रेलिया में अपने ही पहले पार्ट यानी ‘धुरंधर’ को मात देकर नंबर वन भारतीय फिल्म होने का खिताब हासिल किया है। वहीं, न्यूजीलैंड में इस फिल्म ने ‘पठान’ को पीछे छोड़कर नंबर वन की कुर्सी हथियाई है।
ऑस्ट्रेलिया में फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने 23 अप्रैल तक 8.255 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 77 करोड़ रुपये) का कलेक्शन किया है।
ऑस्ट्रेलिया में अब भी यह थिएटर्स में सजी हुई है और कमाई जारी है।
इससे पहले वहां ‘धुरंधर’ सबसे ज्यादा कमाऊ भारतीय फिल्म थी, जिसने 5.598 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कमाए थे।
फिल्म ने न्यूजीलैंड में 1.295 मिलियन न्यूजीलैंड डॉलर (करीब 07 करोड़ रुपये) का कलेक्शन जुटाया है।
इससे पहले न्यूजीलैंड में ‘पठान’ सबसे कमाऊ भारतीय फिल्म थी, जिसने 952 हजार न्यूजीलैंड डॉलर कमाए थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal