महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुधवार से लगातार 36 घंटे के लिए शुरू हुए विधानमंडल का विशेष सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज दो महापुरुषों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनको नमन करता हूं।

अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आज सदन चर्चा कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा निर्धारित लक्ष्य विजन 2030 के 16 गोल उत्तर प्रदेश में लागू होने हैं, इस पर हम समान रूप कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आश्चर्य है कि सतत विकास लक्ष्य पर चर्चा की घड़ी आई है, उस समय विपक्ष का गैरहाजिर है। हमेशा विपक्ष यह बात करता था कि हम पार्टी लाइन से हट कर अपनी बात रख सकें। आज वह मौका दिया गया है। मुझे आश्चर्य है कि इस पर सबने अपनी सहमति दी, लेकिन अब जब सरकार आगे आई है तो विपक्ष नहीं है।
यह सदन की अवमानना के साथ गरीबों और बापू का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि इस चर्चा के लिए सबने सहमति भरी थी, लेकिन आज प्रस्ताव पर चर्चा है तो विपक्ष अनुपस्थित है। दुर्भाग्य है विपक्ष दुर्योधन के महाभारत में कही उक्ति को चरितार्थ कर रहा है। गांधी जी के नाम पर सत्ता पाने वाले आज ऐसा अपमान कर रहे हैं।
कहा कि जिन लोगों ने गांधी जी के नाम पर सत्ता चलाई, उनका गांधी जयंती के अवसर पर सदन का बहिष्कार करना शर्मनाक है। गरीबों के हक पर डकैती डालने वाले लोग आज चर्चा से भाग रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जाति और वंशवाद के नाम पर जिन्होंने आजतक राजनीति की है, उन्हें कैसे अच्छा लग सकता है कि वे गरीबों के विकास पर चर्चा में शामिल हों। इसलिए उन्होंने वॉकआउट किया है। उन्होंने कहा कि 2022 तक हर गरीब के पास अपनी छत हो इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
योगी ने कहा लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस केंद्र सरकार देना चाहती थी, लेकिन पिछली प्रदेश सरकार लेना ही नहीं चाहती है। आज हमारे पास 250 लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस हैं, बड़े जिलों में 4 और छोटे जिलों में 3 एम्बुलेंस हैं।
हमने तो उस पर भाजपा या मोदी नाम न लिखकर लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस ही नाम रखा है। हमने एंबुलेंस सुविधा सभी को एक समान रूप में दी। 102 और 108 के रिस्पांस टाइम को कम किया। लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस से ढाई वर्ष में एक लाख लोगों की जान बची।
योगी ने कहा कि 2019 के लोकसभा के चुनाव में जनता ने बता दिया है कि अब जातियां सिर्फ वोट के लिए नहीं हैं। अब सभी विकास के साथ हैं। इस वजह से विपक्ष तिलमिलाया हुआ है। कहा कि स्वच्छ भारत मिशन देश के लिए आज एक जन आंदोलन बन गया है। प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ आज सभी मंत्रियों ने वार्डों में जागरूकता फैलाई है।
जो विधायक अपनी विधानसभा को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अग्रणी काम करता है, उसको सम्मानित किया जाना चाहिए। स्वच्छ भारत मिशन में उत्तर प्रदेश की सहभागिता किसी से छुपी हुई नहीं है। दो करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। यही स्पीड है भारतीय जनता पार्टी की सरकार की। समाजवादी पार्टी की सरकार में क्या स्थिति थी? सभी जानते हैं।
संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा निर्धारित लक्ष्य विजन 2030 में गरीबी उन्मूलन, भुखमरी समाप्त करना, सबका स्वस्थ जीवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, लैंगिक समानता, सुरक्षित जल व स्वच्छता का सतत प्रबंधन, किफायती, सतत एवं आधुनिक ऊर्जा, आर्थिक विकास, उद्यमिता अभिनवीकरण एवं अवस्थापना, असमानता कम करना, समावेशी एवं सुरक्षित शहर, सतत उपभोग एवं उत्पादन, जलवायु परिवर्तन, भूमि पर जीवन, शांतिपूर्ण एवं समावेशी संस्थाओं का निर्माण।
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर विधानमंडल का विशेष सत्र बुधवार सुबह से शुरू होकर 36 घंटे तक चलेगा। यह पहला अवसर है जबकि किसी खास अवसर पर सदन की कार्यवाही लगातार इतने लंबे समय तक चलेगी। हालांकि विपक्षी दलों ने इस सत्र का बहिष्कार किया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal