कम समय में ही अपने फैंस के दिलों पर राज करने वाली गुजरात टाइटंस एक बार फिर पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। कागजों पर टीम काफी संतुलित और मजबूत नजर आती है, लेकिन मध्यक्रम की कमजोरी अब भी चिंता का विषय बनी हुई है।
हालांकि, टीम प्रबंधन और कप्तान इस कमी को दूर करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस ने मिनी नीलामी में 12.90 करोड़ रुपये के बजट के साथ हिस्सा लिया और पांच नए खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा।
जेसन होल्डर को मिली जगह
इसमें सबसे बड़ा नाम जेसन होल्डर का रहा, जिन्हें सात करोड़ रुपये में खरीदा गया। होल्डर अपनी ऑलराउंड क्षमता के साथ-साथ विभिन्न टी-20 लीगों में कप्तानी के अनुभव से भी टीम को मजबूती देंगे। पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ तक का सफर तय किया था, लेकिन एलिमिनेटर मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से हारकर उनका खिताबी सपना अधूरा रह गया।
इस बार टीम ने अपनी पिछली गलतियों से सीख लेते हुए बेहतर तैयारी की है और एक बार फिर ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। फ्रेंचाइजी ने होल्डर के अलावा टॉम बैंटन और ल्यूक वुड को भी अपने साथ जोड़ा है। बैंटन जोस बटलर के लिए एक मजबूत बैकअप विकल्प साबित हो सकते हैं। इसके अलावा टीम ने युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और पृथ्वीराज यारा को भी शामिल कर अपने गेंदबाजी आक्रमण को और धारदार बनाया है।
ओपनिंग जोड़ी सबसे बड़ी ताकत
ओपनिंग जोड़ी के रूप में शुभमन गिल और साई सुदर्शन टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं। दोनों बल्लेबाज स्थिरता और निरंतरता के लिए जाने जाते हैं और ऑरेंज कैप की दौड़ में भी शामिल रह सकते हैं। तीसरे नंबर पर जोस बटलर की मौजूदगी टीम के टॉप आर्डर को और भी खतरनाक बना देती है, जिससे गुजरात के पास लीग के सबसे भरोसेमंद शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से एक संयोजन तैयार हो जाता है।
गेंदबाजी विभाग में भी टीम काफी मजबूत नजर आती है। मोहम्मद सिराज और जेसन होल्डर का अनुभव प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा की आक्रामक गेंदबाजी के साथ मिलकर एक संतुलित आक्रमण तैयार करता है। हालांकि, कैगिसो रबादा का हालिया फॉर्म उतना प्रभावी नहीं रहा है, ऐसे में टीम के पास होल्डर को अधिक जिम्मेदारी देने का विकल्प भी मौजूद है।
मध्यक्रम टीम की कमजोरी
मध्यक्रम एक बार फिर टीम की कमजोरी बन सकता है। पिछले सीजन में शेरफेन रदरफोर्ड ने नंबर चार पर अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इस बार वह टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में ग्लेन फिलिप्स या बैंटन को इस भूमिका में आजमाया जा सकता है। फिनिशर के तौर पर राहुल तेवतिया पर बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि राशिद खान और शाहरुख खान को भी बल्ले से योगदान देना होगा।
गुजरात टाइटंस की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, जोस बटलर, निशांत सिंधू, वॉशिंगटन सुंदर, अरशद खान, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, कैगिसो रबादा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, गुरनूर सिंह बराड़, राशिद खान, मानव सुथार, साई किशोर, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, जेसन होल्डर, अशोक शर्मा, ल्यूक वुड, पृथ्वी राज येरा, टॉम बैंटन।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal