मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को मिले तमाम अन्य सामग्रियों के अलावा तमंचे-चापड़ की तरह अवैध हथियार

 प्रयाराज के अटाला में हुए बवाल के मास्टर माइंड कहे जा रहे जावेद पंप को किसने तमंचा और कारतूस उपलब्ध करवाया था, इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस उस शख्स के बारे में पता लगा रही है। कहा जा रहा है कि जावेद पंप को अवैध रूप से असलहों की सप्लाई करने वाले के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभी पुलिस बरामद तमंचा के बारे में जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से जावेद के घर आने-जाने वालों के बारे में पता लगाया गया जा रहा है। किसने, कब और कहां तमंचा दिया गया था, इसके बारे में जावेद पंप से जेल में पूछताछ करने की बात भी कही जा रही है।

मकान ढहाने से पहले तलाशी में मिले थे चापड़ और हथियार

उल्लेखनीय है कि भाजपा से निलंबित नुपूर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जुमे की नमाज के बाद अटाला में तोड़फोड़, आगजनी, पथराव किया गया था। इस बवाल के नामजद आरोपित जावेद पंप को गिरफ्तार कर पुलिस ने शनिवार रात जेल भेजने के बाद रविवार को सख्त एक्शन लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश के तहत साजिश कर्ताओं की संपत्ति को जब्त करने और ढहाने का काम हो रहा है। पुलिस ने रविवार को करेली की जेके आशियाना कालोनी में जावेद पंप के मकान की घेराबंदी की जिसके बाद पीडीए के बुलडोजर औऱ पोकलैंड ने बमुश्किल चार घंटे में दो मंजिला आलीशान मकान को ढहा दिया। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को तमाम अन्य सामग्रियों के अलावा तमंचे और चापड़ की तरह अवैध हथियार मिले। अब सवाल यह है कि जावेद पंप को नाजायज हथियार रखने की क्या जरूरत थी। क्या वह घऱ में जानबूझकर ये सब किसी साजिश के तहत एकत्र कर रहा था। पुलिस का कहना है कि हथियार तस्कर के पकड़े जाने पर बहुत कुछ साफ हो जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com