भीषण गर्मी की चपेट में यूपी, 33 जिलों में लू की चेतावनी; लखनऊ में झुलसाने वाली गर्मी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी के कई जिले भीषण लू और झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने 19 से 23 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तपिश बढ़ने, गर्म हवाएं चलने और पारे में लगातार बढ़ोतरी होने की जानकारी दी है। इससे कई जिलों में दिन के समय हालात और कठिन होने की आशंका है।

सोमवार के लिए प्रदेश के 33 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को बांदा 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी, प्रयागराज और हमीरपुर में भी लू का असर बेहद तीखा रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

इन जिलों में है लू चलने की चेतावनी

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालोन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के क्षेत्र।

झुलसाने वाली गर्मी के लिए रहिए तैयार

रविवार को तेज धूप और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही चिलचिलाती धूप का असर दिखाई दिया। दोपहर में लू जैसे हालात बनने से सड़कें सूनीं नजर आईं। शाम में धूप ढलने के बाद भी हवा में तपिश महसूस की गई। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम नजर आई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले कुछ दिनों में गर्मी के तेवर और तल्ख होंगे। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं। अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

घर से निकलने पर इन बातों का रखें ध्यान

दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
थोड़ी-थोड़ी देर पर पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।
एसी-कूलर वाले कमरे से अचानक धूप में न जाएं।
यात्रा के दौरान बीच-बीच में छांव में कुछ देर रुकें।
लू लगने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com