ग्वालियर चंबल इलाके में कांग्रेस द्वारा बुलाए गए बंद को लेकर दुकानें बंद रही। बंद को लेकर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। 1400 से ज्यादा पुलिसकर्मी शहर में तैनात किए गए हैं। सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता बंद को सफल करवाने के लिए सड़कों पर निकल गए थे। सुबह बाजार नहीं खुले थे और सड़कों पर आवागमन भी काफी कम देखा गया।
शहर बंद के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय शर्मा भी तांगे पर सवार होकर शहर बंद करवाते हुए दिखाई दिए। हजीरा क्षेत्र पूर्ण रूप से बंद दिखाई दिया वहीं कांग्रेसी नेता भी शांतिपूर्ण तरीके से बंद करवाते रहे। हजीरा थाना प्रभारी ने कांग्रेसियों को शांतिपूर्ण बंद कराने का सुझाव दिया।
बंद करवाने के लिए शहर में निकली महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को जब एक देशी शराब की दुकान खुली हुई दिखाई दी तो महिलाएं उसको बंद करवाने के लिए अंदर घुस गई। जाम छलका रहे शराबियों ने जब महिलाओं की फौज को आते देखा तो वह बने हुए पैग छोड़कर भाग खड़े हुए। बंद को लेकर लोगों ने यह शिकायत भी की कि कांग्रेस कार्यकर्ता जबरन बंद करवा रहे हैं।
कैलारस: कैलारस में बंद को विपक्ष का व्यापक समर्थन मिला है। कांग्रेस के बंद को वामपंथी पार्टियों ने भी अपना समर्थन दिया है। उनका कहना है कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की बेहताशा बढ़ती हुई कीमतों, मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नोटबंटी के दुष्परिणामों, किसान कर्जमाफी, फसल लागत से ड्योढ़े दाम, फसल बीमा, किसान पेंशन, मजदूरों का शोषण समाप्त करने, न्यूनतम मजदूरी 18000 रूपये प्रतिमाह करने, महिलाओं पर अत्याचार रोकने आदि मुद्दों को लेकर बंद का आह्वान किया गया। इसके लिये मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जत्थे मुरैना, कैलारस, सबलगढ़ सहित विभिन्न बाजारों में बन्द समर्थक जत्थे निकाले गये।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal